सरदार पटेल की जन्मतिथि पर रन फार यूनिटी का होगा आयोजन, प्रयागराज में राष्ट्रीय ध्वज लेकर एकता की दौड़ लगाएंगे भाजपाई
प्रयागराज में सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मतिथि पर भाजपा रन फॉर यूनिटी का आयोजन करेगी। इस दौड़ में कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर एकता का संदेश देंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि सरदार पटेल के अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान को याद किया जाएगा। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को बढ़ावा देना है।

प्रयागराज में सरदार पटेल की जन्मतिथि समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भाजपा देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मतिथि को व्यापक स्तर पर मनाएगी। सप्ताह पर विविध आयोजन किए जाएंगे। इसके मूल में एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना रहेगी। लोगों को संगठित होने का संदेश दिया जाएगा।
31 अक्टूबर को पटेल संस्थान से शुरू होगी दौड़
इन आयोजनों में समाज को किस तरह तोड़ने का कुचक्र रचा जा रहा है इस पर भी विमर्श होगा। उनसे आम जन कैसे निपटे इस बात की भी चर्चा की जाएगी। इसे लेकर रन फार यूनिटी का आयोजन भी होगा। भाजपा कार्यालय सिविल लाइंस में इस संबंध में योजना बैठक होगी। यह दौड़ 31 अक्टूबर को सरदार पटेल संस्थान से शुरू की जाएगी। इसे लेकर तैयारियां तेज हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्र के गौरव थे। उनकी अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके कारण भारत एक भारत श्रेष्ठ भारत बन कर उभरा।
25 अक्टूबर को बैठक होगी
भारतीय जनता पार्टी सरदार पटेल के विराट व्यक्तित्व को लेकर रन फार यूनिटी का आयोजन करने जा रही जो सरदार पटेल की विराट व्यक्तित्व दर्शन डालेगी। इसे लेकर भाजपा प्रयागराज महानगर की ओर से 25 अक्टूबर को शाम चार बजे भाजपा कार्यालय सिविल लाइंस में जिला कार्य समिति के बैठक करेगी। 25 एवं 26 अक्टूबर को प्रेस कान्फ्रेंस का आयोजन होगा। 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जन्मतिथि पर उनकी प्रतिमा पर सभी लोग माल्यार्पण करेंगे। आलोपी बाग स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा के पास से ही रन फार यूनिटी कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कार्यकर्ता सरदार पटेल का स्मरण करते हुए हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर एकता की दौड़ लगाएंगे।
जनपद में होंगे विविध आयोजन
इसके अलावा प्रयागराज महानगर के सभी 1216 बूथों पर सरदार पटेल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा। स्कूल-कालेज और सार्वजनिक पार्कों में दौड़ के आयोजन कराए जाएंगे। एक नवंबर से सात नवंबर के बीच स्कूल कालेजों में सरदार पटेल पर आधारित निबंध प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, कला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
आठ किमी की निकाली जाएगी पदयात्रा
प्रयागराज महानगर के तीनों विधानसभा में विधानसभा स्तर पर आठ किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। राजेश केसरवानी ने बताया कि सभी कार्यक्रमों को लेकर महानगर एवं विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम संयोजक, सहसंयोजक बनाए गए हैं। इसे लेकर हुई बैठक में महामंत्री कुंज बिहारी मिश्र, वरुण केसरवानी, डा. शैलेश पांडेय, प्रमोद मोदी, गिरजेश मिश्र, राघवेंद्र सिंह, अनिल केसरवानी, सचिन जायसवाल, राजेश सिंह पटेल, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।