प्रयागराज जनपद में पिछले 22 वर्षों में बढ़ गए 13.48 लाख मतदाता, शहर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक वोटर
प्रयागराज जनपद में पिछले 22 सालों में 13.48 लाख मतदाता बढ़े हैं। 2003 में शहर उत्तर में सबसे ज्यादा मतदाता थे, लेकिन 2025 में शहर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4,66,357 वोटर हो गए हैं। परिसीमन के बाद फूलपुर संसदीय क्षेत्र में शहर उत्तर विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हो गया है। मतदाताओं की दृष्टि से शहर पश्चिम, शहर उत्तर और फूलपुर सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्र हैं।

प्रयागराज में पिछले 22 वर्षों में मतदाताओं की संख्या 13 लाख से अधिक बढ़ी है।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। वर्ष 2003 और 2025 के बीच 22 वर्षों के दौरान जनपद में 13 लाख 48 हजार 194 मतदाता बढ़ गए हैं। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शहर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3,77,577 मतदाता थे। वर्ष 2025 की सूची में शहर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 4,66,357 वोटर हो गए हैं।
वर्ष 2003 में जिले में 11 विधान सभा क्षेत्र थे
वर्ष 2003 में जनपद में 11 विधान सभा क्षेत्र थे। तब इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में करछना, मेजा, बारा, इलाहाबाद उत्तर व दक्षिण विधानसभा क्षेत्र शामिल थे। फूलपुर संसदीय क्षेत्र में झूंसी, हंडिया, प्रतापपुर, सोरांव व नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र थे, जबकि इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा क्षेत्र तब चायल लोकसभा क्षेत्र में शामिल था।
परिसीमन के बाद की जानें स्थिति
परिसीमन के बाद अब इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से शहर उत्तर विधानसभा क्षेत्र कटकर फूलपुर संसदीय क्षेत्र में चला गया है। वहीं इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में नया विधानसभा क्षेत्र कोरांव शामिल किया गया। फूलपुर में शहर उत्तर व पश्चिम के साथ फाफामऊ, सोरांव, फूलपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हुए हैं। प्रतापपुर व हंडिया विधानसभा क्षेत्र को अब भदोही संसदीय क्षेत्र में शामिल किया गया है।
सबसे बड़े विधान सभा क्षेत्र
फूलपुर संसदीय क्षेत्र में पहले नवाबगंज व झूंसी विधानसभा क्षेत्र थे, जिन्हें समाप्त कर दिया गया, जिसके स्थान पर फाफामऊ व फूलपुर विधानसभा क्षेत्र सृजित किए गए। जनपद में मतदाताओं की दृष्टि से शहर पश्चिम, शहर उत्तर, फूलपुर, हंडिया व प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र सबसे बड़े हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में चार लाख से ज्यादा मतदाता हैं। सबसे कम बारा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की रिपोर्ट के बाद मतदाताओं की संख्या के मामले में इन विधानसभा क्षेत्रों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।