Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में लगातार आठवें दिन भी भीषण गर्मी व लू के थपेड़े, 26 अप्रैल तक पारा 46 डिग्री सेल्सियस पार कर जाएगा

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Tue, 21 Apr 2026 01:47 PM (IST)

    प्रयागराज में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे लोगों को और ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गर्मी ने अब अपने तेवर और तीखे कर लिए हैं। आज मंगलवार की सुबह से ही प्रचंड धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 11 बजे ही तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिन चढ़ने के साथ ही भीषण गर्मी का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है। 

    रात में भी गर्मी से राहत नहीं 

    मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा और 26 अप्रैल तक पारा 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। इसकी वजह से रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।

    सड़कों पर आवाजाही कम 

    मंगलवार सुबह से ही गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया। सड़कों पर आम दिनों जैसी रौनक गायब नजर आई। जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी सिर और चेहरे को गमछे या कपड़े से ढंककर चल रहे हैं। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा छा गया, मानो शहर ठहर सा गया हो। मौसम विभाग के अनुसार लू के असर से सुबह आर्द्रता मात्र 29 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि सोमवार शाम को तो यह घटकर महज 16 प्रतिशत रह गई थी।

    तेज धूप और आर्द्रता गिरने से लू का बढ़ा प्रभाव 

    मौसम विज्ञानी प्रो. सुनीत द्विवेदी कहते हैं कि कम आर्द्रता और तेज धूप मिलकर लू के प्रभाव को और अधिक खतरनाक बना रहे हैं। इस तरह का मौसम शरीर को तेजी से डिहाइड्रेट करता है, जिससे चक्कर आना, थकान और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। दिनचर्या पर भी गर्मी का साफ असर दिख रहा है। बाजारों में भीड़ कम हो गई है, लोग सुबह और शाम के समय ही जरूरी काम निपटाने की कोशिश कर रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों और बाहर काम करने वाले मजदूरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    5-6 दिनों तक गर्मी का यह प्रकोप जारी रहेगा

    मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले पांच से छह दिनों तक गर्मी का यह प्रकोप जारी रहेगा। तेज धूप, गर्म हवाएं और शुष्क मौसम मिलकर स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में युवक की नृशंस हत्या, रुपये के विवाद में हत्यारों ने बेरहमी से चाकू से वार कर वारदात को अंजाम दिया

    यह भी पढ़ें- Allahabad University : छह वर्ष में पूरी करनी होगी PhD, महिला-दिव्यांगों को मिलेगा अतिरिक्त समय