रफ्तार का कहर: प्रयागराज में बेकाबू होकर बेलन नहर में गिरी बरातियों से भरी 2 कार, दो युवक लापता
प्रयागराज के बढ़वारी कला गांव के पास बेलन नहर में रविवार रात बरात जा रही दो कारें अनियंत्रित होकर गिर गईं। इस दुर्घटना में नौ में से सात लोग सुरक्षित ...और पढ़ें
-1770582689769_m.webp)
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार के बढ़वारी कला गांव के पास स्थित बेलन नहर में रविवार रात दो कार अनियंत्रित होकर गिर गईं। इसमें कई लोग नहर में डूब गए। घटना, उस समय हुई जब कार में सवार लोग बरात जा रहे थे। आसपास के ग्रामीणों के साथ कोरांव पुलिस पहुंची।
रस्सी आदि की मदद से कारों को बाहर खींचने की कोशिश की गई और एक को बाहर निकाल लिया गया। कारों में नौ युवक थे, जिसमें सात सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि समाचार लिखे जाने तक दो का पता नहीं चल सका था। गोताखोर नहर में दोनों की तलाश कर रहे थे।
खीरी थानांतर्गत गडरी गांव निवासी लालजी शुक्ला सीआरपीएफ में तैनात हैं। उन्होंने नैनी में घर बनवा रखा है। लालजी शुकला के पुत्र अभिषेक की शादी कोरांव थानांतर्गत घूघा गांव में रहने वाले विजय शंकर पांडेय के यहां तय हुई थी। रविवार को बरात थी। इसमें शामिल होने के लिए अभिषेक के दोस्त कई जनपदों के साथ ही मप्र से भी आए।
रविवार देर शाम नैनी से बरात घूघा गांव के लिए निकली। अभिषेक के दोस्त शुभम शुक्ला व सौरभ गौतम निवासी रीवा मप्र, संदीप कुमार निवासी आजमगढ़, विशाल मौर्य निवासी जौनपुर एक कार से निकले, जबकि दूसरी कार पर वसीम, अंशू निवासी गाजीपुर, रोहित कुमार निवासी बलिया, प्रदीप कुशवाहा व अनूप कुमार सवार थे। दोनों कारें आगे-पीछे थीं।
रात करीब दस बजे बढ़वारी कला गांव के पास स्थित बेलन नहर की पुलिया पर दोनों कारें पहुंचीं तो उनकी रफ्तार अधिक थी। पुलिया पर ही मोड़ है। अंधेरा होने की वजह से आगे चल रही कार के चालक को मोड़ नजर नहीं आया और पुलिया के किनारे की दीवार से टकराते हुए वह नहर में जा गिरी।
पीछे वाली कार के साथ भी यही हुआ और वह भी दीवार से टकराते हुए नहर में गिर गई। राहगीराें ने देखा तो शोर मचाया। थोड़ी ही देर में आसपास के गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू चलाया।
करीब आधे घंटे बाद शुभम शुक्ला, संदीप, विशाल मौर्य, सौरभ गौतम, अनूप कुमार, वसीम व रोहित कुमार मिल गए। इन सभी ने बताया कि नहर में कार गिरने के बाद शीशा तोड़कर वे बाहर निकले। हालांकि, अभी प्रदीप कुशवाहा व अंशू का पता नहीं चल पा रहा है।
समाचार लिखे जाने तक दोनों की नहर में तलाश की जाती रही। कोरांव इंस्पेक्टर राकेश कुमार वर्मा का कहना है कि दो युवकों की खोजबीन के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। एक कार नहर के लगभग किनारे गिरी थी, जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवा लिया गया है, जबकि बीच नहर में गिरी दूसरी कार को बैकहो लोडर से निकलवाया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।