Rampur News: रक्षाबंधन पर मायके जाने से मना करने पर महिला ने जहर खाया, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रक्षाबंधन पर्व पर मायके जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इस पर महिला ने गुस्से में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घ ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रामपुर। रक्षाबंधन पर्व पर मायके जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इस पर महिला ने गुस्से में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना थाना अजीमनगर क्षेत्र के मिलक मुफ्ती गांव की है। गांव निवासी अमर सिंह की ससुराल शहजादनगर थाना क्षेत्र की है। उसकी पत्नी द्रौपदी ने रक्षाबंधन पर्व पर मायके लेकर चलने को कहा।
पति का कहना था कि उसे कुछ काम है। पत्नी जिद करने लगी। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद पत्नी कमरे में चली गई और उसने वहां जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी तो स्वजन घबरा गए। उसे लेकर माठखेड़ा के एक अस्पताल ले गए। वहां से बिलासपुर ले आए। बिलासपुर में डॉक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्वजन उसे रुद्रपुर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। स्वजन शव घर ले आए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। शव को जिला अस्पताल मोर्चरी में भिजवा दिया।
जानकारी मिलने पर मायके से मृतका के स्वजन आ गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अजीमनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि अभी मृतका के मायके वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।