नकली नोटों से ठगी का भंडाफोड़… फिर खुला दुष्कर्म का राज, 15 साल से महिलाओं को ठग रहा था तांत्रिक
रामपुर में एक तांत्रिक पिछले 15 वर्षों से महिलाओं को ठग रहा था। उसने रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक युवती का कई महीनों तक शारीरिक शोषण किया और नकली न ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रामपुर। खुद को सिद्ध तांत्रिक बताकर पिछले करीब 15 वर्षों से महिलाओं को झांसे में लेकर ठगी करने वाले एक शातिर का काला सच सामने आया है। आरोपित तांत्रिक ने रकम डबल कराने का लालच देकर न केवल आर्थिक ठगी की, बल्कि एक युवती का महीनों तक शारीरिक शोषण भी करता रहा। पीड़िता की हिम्मत और सूझबूझ से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवती की मुलाकात 24 दिसंबर 2024 को उसकी एक सहेली के माध्यम से उक्त तांत्रिक से कराई गई थी। तांत्रिक ने विद्या शक्ति और तंत्र-मंत्र के जरिए रकम दोगुनी करने का दावा किया था। इस झांसे में आकर युवती उससे मिलने लगी।
आरोप है कि दिसंबर 2024 से जून 2025 तक तांत्रिक ने युवती को कभी किराये के कमरे में तो कभी अपने घर बुलाकर दुष्कर्म किया था।
पीड़िता के अनुसार, तांत्रिक ने उसे विश्वास में लेने के लिए नकली नोटों को असली बताकर दिखाया और कहा कि विशेष पूजा-पाठ के बाद रकम दोगुनी होकर प्राप्त होगी। जब युवती को दिए गए नोट असली न निकलकर नकली पाए गए, तब मामला बिगड़ गया।
इसके बाद युवती को ठगी का अहसास हुआ और उसने पूरे घटनाक्रम के साक्ष्य एकत्र करने शुरू किए। युवती ने कॉल डिटेल, संदेश, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य प्रमाण जुटाकर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपित तांत्रिक की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ पहले भी ऐसी शिकायतें सामने आने की संभावना है, जिनकी भी पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित लंबे समय से तांत्रिक बनकर भोली-भाली महिलाओं को अपना शिकार बनाता रहा है। कोतवाल प्रदीप मलिक ने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह के तंत्र-मंत्र या रकम दोगुनी कराने के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।