UP Land Acquisition: यूपी में 10 गांवों के किसानों से ली जाएगी जमीन, यमुना के पुल तक बनेगी सड़क
हरियाणा में यमुना नदी पर बने पुल से सहारनपुर को जोड़ने के लिए नकुड़ तहसील के दस गांवों के 836 किसानों से लगभग 25 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण में कुछ आपत्तियों के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है जिसके निस्तारण के बाद काम शुरू होगा। इस परियोजना के पूरा होने से नकुड़ क्षेत्र के किसानों को हरियाणा की मंडियों तक पहुंचने में आसानी होगी।

अजीत चौधरी, नकुड़। हरियाणा के संथाली नगली घाट पर यमुना नदी पर बनाए गए पुल से सहारनपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के लिए दस गांवों के 836 किसानों से करीब 25 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
नकुड तहसील के गांव नसरुल्लागढ़ के पास यमुना नदी पर बनाए गए पुल से सहारनपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के लिए अधिग्रहण की जाने वाली कुछ जमीन के लिए धारा 80 व 1300 फसली बंदोबस्त के तहत प्रकिया पूरी नहीं होने पर मंडलायुक्त ने आपत्ति के साथ फाइल लौटा दी। आपत्ति निस्तारण के बाद अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रदेश सरकार ने हरियाणा के संथाली नगली घाट पर बनाए गए पुल से सहारनपुर को जोड़ने के लिए 118 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित की है। पुल से सहारनपुर को जोड़ने के लिए 12.600 किमी लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है।
इसके लिए सर्वे की प्रक्रिया पूरी कर दस गांवों के 836 किसानों की 24.70 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की जाने वाली जमीन के सभी कागजात संबंधी प्रक्रिया पूरी कर फाइल तहसीलदार कार्यालय से जिलाधिकारी को भेजी गई थी।
जिलाधिकारी ने इसे अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी कर अप्रूवल के लिए मंडलायुक्त कार्यालय को भेज दिया था। कुछ जमीनों को लेकर धारा 80 व 1300 फसली बंदोबस्त के अंतर्गत प्रकिया पूरी नहीं होने से मंडलायुक्त ने फाइल जिलाधिकारी कार्यालय भेज दी है।
यहां से इस फाइल को सभी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए तहसील कार्यालय भेजा जाएगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने में करीब दस दिनों तक का समय लग सकता है। इसके निस्तारण के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
पीडब्ल्यूडी के जेई गंभीर सिंह ने बताया कि इस मार्ग के लिए दस मीटर चौड़ी ब्लैक टोप व इसके दोनों ओर दो-दो मीटर की पटरी बनाई जाना प्रस्तावित है। मार्ग की कुल चौड़ाई के लिए बीस मीटर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
यह मार्ग गांव टाबर, नारायणपुर, साहबामजरा, मेहरपुर, सरुरपुर तगा, शाहपुर, सढौली,पिलखना, खारिबांस, बुल्लेवाला के जंगल से होकर गुजरेगा। इस मार्ग को गांव सढौली से करीब एक सौ मीटर दूर सहारनपुर रोड पर लिंक किया जाएगा।
जेई गंभीर सिंह ने बताया कि जैसे ही मंडलायुक्त कार्यालय से यह प्रोजेक्ट अप्रुवल हो जाएगा, उसके तीन से चार महीने में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस मार्ग के बनने से नकुड़ क्षेत्र के करीब साठ गांव का सीधा संपर्क हरियाणा से जुड जाएगा। जिससे क्षेत्र के किसानों को हरियाणा की इंद्री, रादौर, करनाल, कुरुक्षेत्र, लाडवा सहित अन्य मंडियों में कृषि उपज ले जाने में सुविधा होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।