UP News: सहारनपुर में सरेआम वारदात, ढाबा संचालक को घर में घुसकर मारी गोली, हालत गंभीर
सहारनपुर के तीतरो क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक ढाबा संचालक अंकित कश्यप को घर में घुसकर गोली मार दी और कुल्हाड़ी से हमला किया। गंभीर रूप से घायल अंकित को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अंकित की मां ने तीन अज्ञात हमलावरों पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची है।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। तीतरो क्षेत्र के गांव झाडवन में बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने ढाबा संचालक को घर में घुसकर गोली मार दी।
इतना ही नहीं बदमाशों ने उसपर कुल्हाड़ी से भी हमला किया। ढाबा संचालक को गंभीर हालत में पीजीआइ चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया है।
गांव झाड़वन निवासी 38 वर्षीय अंकित पुत्र प्रवीण कश्यप ने गंगोह मुख्य मार्ग पर नीलकंठ के नाम से ढाबा खोल रखा है।अंकित की माता कुंता ने बताया कि बाइक पर आए तीन अज्ञात लोगों ने बुधवार तड़के साढ़े चार बजे घर का दरवाजा खटखटाया।
दरवाजा खोलने पर अंकित भी अपने कमरे से निकल आया। बदमाशों ने उसे देखते ही गोली मार दी और उस पर कुल्हाड़ी से भी वार किया। इससे अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके शोर मचाने पर बदमाश अपनी बाइक पर बैठ कर भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंकित को गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया, जहां से उसे पहले मेडिकल कॉलेज पिलखनी और वहां से उसकी चिंताजनक हालत देखकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
सीओ गंगोह शशि प्रकाश शर्मा और फोरेंसिक टीम ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।