Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संभल में डीएम के निर्देश पर कब्र से निकाला गया विवाहिता का शव, 40 दिन बाद दोबारा होगा पोस्टमार्टम

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 10:20 PM (IST)

    संभल में 40 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मृत विवाहिता का शव मायके पक्ष की दहेज हत्या की आशंका पर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए कब्र से निकाला गया। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. संभल में 40 दिन बाद विवाहिता का शव कब्र से निकाला।

    2. मायके पक्ष ने दहेज हत्या की आशंका जताई, दोबारा पोस्टमार्टम।

    3. चिकित्सकों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कब्र की खोदाई।

    चिकित्सकों के पैनल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कब्र की खोदाई

    जागरण संवाददाता, संभल। नखासा थाना क्षेत्र में 40 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शिकार हुई विवाहिता का अब दोबारा पोस्टमार्टम होगा। मायके पक्ष ने दहेज हत्या की आशंका जताकर पोस्टमार्टम की मांग की। जिसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को चिकित्सकों के पैनल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदवाकर शव बाहर निकाला गया।

    मुहल्ला चौधरियान निवासी अय्यूब ने अपनी 25 वर्षीय बेटी मेहताब का निकाह करीब आठ माह पूर्व नखासा थाना क्षेत्र के रुकनुद्दीन सराय निवासी जफीर के साथ किया था।

    11 मई 2026 की रात करीब एक बजे मेहताब के पेट में तेज दर्द उठा और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

    मृतका के मायके पक्ष ने उस समय ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या करने का आरोप लगाते हुए नखासा थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। उस समय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट साधारण आई थी, जिसके बाद मायके वाले शव को अपने साथ सिरसी ले आए थे और मुहल्ला चौधरियान स्थित कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था।

    मायके वालों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों से वे संतुष्ट नहीं थे। उनका आरोप है कि मेहताब की मौत स्वाभाविक नहीं थी और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाना आवश्यक है। इसी मांग को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई थी।

    खबरें और भी

    अनुमति मिलने के बाद सोमवार को नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल, अमरोहा के वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के फोरेंसिक एक्सपर्ट डा. सोम शेखर शर्मा, मुरादाबाद की सीएमसी डा. नीलम आर्य ने पुलिस बल की मौजूदगी में कब्र की खोदाई कराई।

    निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव को बाहर निकाला गया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस दौरान आसपास लोगों की काफी भीड़ रही। नायब तहसीलदार ने बताया कि शव निकाला गया है। अब पोस्टमार्टम होने के बाद फिर से सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।