शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के आवास पर धरने के दौरान शिक्षक की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
संभल में स्थानांतरण सूची को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के आवास पर धरना दे रहे शिक्षक शुभेंद्र शरण त्रिपाठी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया पता चला कि ऑक्सीजन और शुगर लेवल गिरने के कारण वह बेहोश हो गए थे। अलीगढ़ में नियुक्त शिक्षक शुभेंद्र चंदौसी में धरने का नेतृत्व कर रहे थे जिन्हें सोमवार को निलंबित भी कर दिया गया था।

जागरण संवाददाता, संभल। स्थानांतरण सूची को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के आवास पर साथियों के साथ धरना दे रहे शिक्षक शुभेंद्र शरण त्रिपाठी की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। साथी शिक्षकों ने उन्हें तत्काल नजदीकी निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। डॉक्टर ने बताया कि ऑक्सीजन और शुगर लेवल गिरने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी है। फिलहाल उन्हें ड्रिप लगाई जा रही है।
शुभेंद्र शरण की नियुक्ति अलीगढ़ जनपद में
शुभेंद्र शरण की नियुक्ति अलीगढ़ जनपद में है। वह चंदौसी में चल रहे शिक्षकों के धरने का नेतृत्व कर रहे हैं। सोमवार को शासन ने उन्हें निलंबित भी कर दिया था। इधर, शिक्षकों का कहना है कि मंत्री उनकी मांग मानने को तैयार हैं, लेकिन अधिकारी अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं।
शुभेंद्र के अलावा, एक अन्य शिक्षक संदीप सुरतिया का एक दिन का वेतन भी काट लिया गया है। प्रशासन की ओर से बरती जा रही सख्ती से शिक्षकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन चाहे जितना भी प्रयास कर ले, वे स्थानांतरण सूची लिए बिना वापस नहीं जाएंगे।
दो अक्टूबर है स्थानांतरण सूची की समय सीमा
शिक्षकों के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंत्री द्वारा स्थानांतरण सूची जारी करने की अंतिम समय सीमा दो अक्टूबर है। यदि इस तिथि के बाद भी सूची जारी नहीं की गई, तो शिक्षक भूख हड़ताल पर बैठेंगे, और फिर भी समाधान नहीं निकला तो आमरण अनशन शुरू करेंगे। शिक्षकों का कहना है कि उनके समर्थन में मंगलवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि चंदौसी पहुंच रहे हैं, जो धरने को मजबूती देंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।