Sambhal Name Change: 'संभल का नाम बदला जाए', CM Yogi को किसने दिया ये सुझाव? 'कल्कि' रखने की दी सलाह
राज्यमंत्री गुलाब देवी ने संभल में मुख्यालय के शिलान्यास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने वृद्धों विधवाओं दिव्यांगों और नौजवानों का सहारा बनकर जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा दी और बीमारों के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई। गुलाब देवी ने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और संभल का नाम बदलने का सुझाव दिया।

जागरण संवाददाता, संभल। राज्यमंत्री माध्यमिक शिक्षा स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने कहा कि कई बार मुख्यालय के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता हुई और आज शुभ दिन आया है जब मुख्यालय का शिलान्यास हो रहा है। मुख्यमंत्री जी आपने हमेशा जनता का मान रखा। आज आप सबका विश्वास बने हुए हैं।
जो वृद्ध हैं उनका सहारा हैं, पेंशन को पांच सौ से एक हजार किया, विधवाओं व दिव्यांगों का सहारा बने हुए हैं। नौजवानों को लाखों नौकरियां देकर उनकी शक्ति बने हैं। महिलाओं को सुरक्षा देकर विश्वास बने हुए हैं, महिलाएं आज कहीं भी किसी भी समय जा सकती हैं।
आयुष्मान कार्ड के जरिए बीमारों का सहारा बने हुए हैं। आज दूसरे प्रदेशों में भी इस बात की चर्चा होती है कि मुख्यमंत्री हो तो उत्तर प्रदेश के योगी जैसा, ये हमारे लिए गर्व की बात है। आप दया के भंडार हैं जनता के हित के लिए अपने खजानों के द्वार खोल दिए हैं।
क्षेत्र को कृषि अनुसंधान केंद्र, ओवरब्रिज, स्टेडियम दिया, कन्या विवि दिया लेकिन, बहजोई व चंदौसी में एक-एक ओवरब्रिज की और आवश्यकता है। अतिथि गृह नहीं है।
संभल का नाम बदला जाए : गुलाब देवी
आपने कल मुरादाबाद में हमारे क्षेत्र में 60 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी है, इसका आभार व्यक्त करती हूं। इस जनपद का नाम संभल है, आपने तो क्या क्या परिवर्तन किया है, संभल का नाम बदलकर भी कल्कि या जो आप सही समझें कर दें, नाम बदला जाना जरूरी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।