संतकबीर नगर में ओवर ब्रिज से अनियंत्रित होकर गिरी स्कूटी सवार महिला, हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर में एक महिला स्कूटी चलाते समय ओवरब्रिज से नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना कैसे हुई।

ओवर ब्रिज से अनियंत्रित होकर गिरी स्कूटी सवार महिला।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। खलीलाबाद शहर में मंगलवार की भोर में मुखालिसपुर ओवरब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी सवार एक महिला पुल की रेलिंग से टकराकर नीचे जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ओनिया गांव निवासी 40 वर्षीय प्रियंका सिंह पत्नी पंकज सिंह मंगलवार की भोर करीब साढ़े तीन बजे अपनी नई स्कूटी से अपने मायके बिधियानी जा रही थीं। जैसे ही वह मुखालिसपुर ओवरब्रिज पर पहुंचीं, अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग से टकरा गई।
टक्कर के बाद प्रियंका सिंह उछलकर नीचे जा गिरीं। गिरते समय वह पुल के नीचे स्थित एक दुकान की टिन की छत तोड़ती हुई फल के ठेले पर जा गिरीं और फिर सड़क पर लुढ़क गईं। हादसे के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही बरदहिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।