Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शाहजहांपुर: बेटी की शादी का रिश्ता पक्का करने जाते समय पिता और बेटे को पिकअप ने रौंदा, राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा

    Updated: Sat, 22 Nov 2025 08:37 PM (IST)

    शाहजहांपुर में एक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मृत्यु हो गई। सुरेश कुमार अपनी बेटी दुर्गा का रिश्ता तय करने जा रहे थे, तभी एक पिकअप ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश और उनके बेटे गोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गा और सुमन घायल हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Hero Image

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। बेटे विनोद के बाद ई रिक्शा चालक सुरेश कुमार को अब सयानी हो चुकी बिटिया दुर्गा की शादी की चिंता थी। उसके लिए कई रिश्ते देखे, एक जगह अच्छा लड़का मिला तो रिश्ता पक्का करने से पहले बेटी की रजामंदी जरूरी समझी। ऐसे में शनिवार को कछियानी खेड़ा मंदिर पर लड़के वालों को बुला लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खुद बेटी को ई रिक्शे से लेकर वहां जाने के लिए निकले, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। मंदिर पहुंचने से पहले रास्ते में पिकअप चालक ने टक्कर मार दी। सुरेश व उनके बेटे गोपी की मृत्यु हो गई। जबकि घायल दुर्गा व उसकी भाभी सुमन को मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया। तिलहर के धनेला गांव निवासी सुरेश कुमार की सबसे बड़ी बेटी दुर्गा सात संतानों में दूसरे नंबर की थी।

    उसका विवाह करने के लिए कई दिन से तैयारी कर रहे थे। एक लड़क पसंद आया तो रिश्ता तय करने से पहले एक बार बेटी की सहमति भी लेने की बात कही। जिस पर लड़के वाले सहमत हो गए। शनिवार शाम वे लोग तय स्थान कछियानी खेड़ा मंदिर पहुंच गए। ज्यादा दूर नहीं जाना था, इसलिए सुरेश बेटी दुर्गा, 15 वर्षीय बेटे गोपी व पुत्रवधू सुमन को ई रिक्शा से लेकर वहां के लिए निकले।

    रिक्शा सुरेश स्वयं चला रहे थे। लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सरयू पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। अनियंत्रित हुआ रिक्शा सड़क पर पलट गया। उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। पिता व भाई को ज्यादा चोट देख घायल दुर्गा अपना दर्द भूलकर लोगों से उन्हें अस्पताल भेजने के लिए गुहार लगाने लगी।

    इस बीच पुलिस व एंबुलेंस पहुंचीं तो सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां सुरेश व उनके बेटे गोपी को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दुर्गा और सुमन को मेेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। मंदिर में इंतजार कर रहे लड़के वाले भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद काफी देर तक जाम लगा रहा।

    चालक पिकअप लेकर भाग निकला। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि आरोपित पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।

     

    यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में स्टेयरिंग फेल होने से रेलिंग तोड़ रामगंगा में गिरा ट्रक, अंधेरे में 2 KM तैरकर ड्राइवर ने बचाई जान