शामली में मुस्लिम बने आयुष मलिक ने की 'घर वापसी', पूजा-पाठ की; कहा- हमेशा हिंदू रहूंगा
दवा व्यापारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक ने एक वीडियो के माध्यम से सनातन धर्म में वापसी की घोषणा की है। पहले एक युवती द्वारा ब्रेनवाश कर उनका मतांतर ...और पढ़ें
HighLights
आयुष मलिक ने वीडियो जारी कर सनातन धर्म में वापसी की घोषणा की।
युवती द्वारा ब्रेनवाश कर मतांतरण कराने का आरोप था पहले।
स्वामी यशवीर ने इस मामले में पुलिस व मुख्यमंत्री का आभार जताया।
जागरण संवाददाता, शामली। दवा व्यापारी देवराज मलिक के पुत्र आयुष मलिक का एक युवती ने अपने स्वजन और मौलाना के साथ मिलकर ब्रेनवाश कर मतांतरण करा दिया था। देवराज मलिक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी संपत्ति हड़पने के लिए मतांतरण कराया गया।
अब सोमवार शाम आयुष मलिक का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। जिसमें आयुष मलिक ने कहा कि उसने अपने पिता और परिवार के लिए धर्म वापसी कर ली है।
इसके बाद वीडियो में वह घर के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए और परिवार के लोगों का आशीर्वाद लेते हुए भी दिखाई दिया। स्वामी यशवीर ने कहा कि उन्होंने जो मुद्दा उठाया था, वह सफल हुआ। स्वामी यशवीर ने मुख्यमंत्री और शामली पुलिस का आभार व्यक्त किया।
सोमवार शाम को यह वीडियो स्वामी यशवीर द्वारा जारी किया गया, जिन्होंने इस पूरे मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। करीब 2 मिनट 17 सेकंड के इस वीडियो में आयुष मलिक अपने घर के मंदिर में हनुमान जी की पूजा-अर्चना करता हुआ दिखाई दे रहा है।

मंदिर के पास गायत्री मंत्र की आवाज भी सुनाई दे रही है। वीडियो में आयुष ने स्वीकार किया कि उसने अपने पिता और परिवार के लिए हिंदू धर्म में वापसी कर ली है और वह अब हमेशा हिंदू धर्म में ही रहेगा। पूजा के बाद उसने अपने माता-पिता और परिवार के बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।
खबरें और भी
आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक ने बताया कि उन्होंने ही यह वीडियो प्रसारित किया है। उनके पुत्र ने धर्म वापसी करते हुए सनातन धर्म अपना लिया है। फिलहाल आयुष मलिक बाहर गया हुआ है। इसलिए उससे कोई बातचीत नहीं हो सकेगी।
वहीं, एसपी एनपी सिंह ने बताया कि धर्म वापसी की जानकारी उसके परिवार के लोग ही दे सकेंगे। इस प्रकरण में जो आरोपित फरार है उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह था पूरा मामला
आयुष मलिक ने पढ़ाई पूरी करने के बाद भारत मेडिकोज के नाम से मेडिकल स्टोर खोला था। वहां कार्य करने वाले मुख्य नौकर आस मोहम्मद उर्फ आशु को पता था कि आयुष करोड़पति है। इसके बाद आयुष को जाल में फंसाने की साजिश रची गई।
आशु की बहन चांदनी ने माजरा रोड पर उसी जिम को ज्वाइन किया जहां आयुष जाता था। जिम ट्रेनर बनकर चांदनी ने आयुष को ट्रेनिंग के बहाने फंसाया, उसकी अश्लील वीडियो बनाई और मतांतरण का दबाव डाला। पुलिस जांच में सामने आया कि आयुष को पाकिस्तानी कट्टरपंथी डॉ. इसरार अहमद की धार्मिक वीडियो दिखाकर उसका पूरी तरह ब्रेनवाश किया गया था।
युवक का मानसिक संतुलन प्रभावित होने के बाद आरोपित उसे दिल्ली ले गए, जहां एक मस्जिद में गाजियाबाद के दो मौलाना और शामली के मौलवी मुन्नवर ने उसका जबरन मतांतरण करा दिया था। मतांतरण के बाद भी निकाहनामें की आड़ में युवक से लगातार मोटी रकम वसूली जाती रही।
इस मामले में चार जून को स्वामी यशवीर की ओर से एक वीडियो प्रसारित किया गया। जिसमें उन्होंने दावा किया था कि शामली के दवा व्यापारी देवराज मलिक के पुत्र आयुष मलिक का चांदनी कुरैशी ने अपने प्रेमजाल में फंसाकर उसका वीडियो बनाया और फिर मतांतरण करा दिया।
इसमें कई मौलाना और चांदनी कुरैशी के पूरे परिवार पर आरोप लगाया था। इसी प्रकरण में छह जून की शाम देवराज मलिक निवासी मुहल्ला दयानंद नगर की ओर से पुलिस को चादंनी कुरैशी समेत उसके परिवार के सात लोग और तीन मौलाना के खिलाफ तहरीर दी गई। आरोप लगाया कि उनके पुत्र का मतांतरण कर रुपयों वसूले जा रहे हैं। पूरे परिवार पर मतांतरण का दबाव बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- शामली में हादसा: थानाभवन मार्ग पर स्कूटी और बाइक पर गिरी पेड़ की डाल, 3 साल के मासूम की मौत
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी प्रकरण में चांदनी के रिश्तेदार भोला को भी जेल भेजा गया। फिलहाल इस प्रकरण में सात आरोपित फरार चल रहे हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है
मेरे पुत्र ने अपने धर्म में वापसी कर ली है और हम सब इस निर्णय से बेहद खुश हैं। फिलहाल मेरा पुत्र बाहर है, वह अभी घर पर मौजूद नहीं है। वीडियो मैंने ही प्रसारित कराया है।
-देवराज मलिक, दवा व्यापारी