Delhi-Saharanpur Highway पर अंधेरा, महीनों से बंद स्ट्रीट लाइटों के कारण हादसों का खतरा
Delhi-Saharanpur Highway : शामली के थानाभवन क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर महीनों से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, जिससे रात में घना अंधेरा रहता है। इ ...और पढ़ें

थानाभवन से गुजरने वाले दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पंचतीर्थी मंदिर के पास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट। जागरण
संवाद सूत्र, थानाभवन (शामली)। थानाभवन कस्बे से होकर गुजरने वाले व्यस्त दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले कई महीनों से बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय पूरे मार्ग पर गहरा अंधेरा छाया रहता है। यह हाईवे क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्त मार्ग होने के बावजूद रोशनी की व्यवस्था ठप होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हाईवे पर लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें या तो खराब हो चुकी हैं या लंबे समय से उनकी मरम्मत नहीं हुई है। कई स्थानों पर पोल तो खड़े हैं, लेकिन लाइटें बिल्कुल नहीं जल रहीं, जिससे रात में स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। खासकर बस स्टैंड, बाजार क्षेत्र और आसपास के कट-प्वाइंट्स पर अंधेरा रहने से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता, जिससे छोटे-बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थिति यह है कि पैदल चलने वाले और दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। अंधेरे के कारण सड़क पर मौजूद कट और अन्य अवरोध नजर नहीं आते, जिससे हर समय अनहोनी का डर बना रहता है।
इन्होंने कहा...
कई महीनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। रात में घर से निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए।
- ओमवीर सिंह
यह हाईवे काफी व्यस्त रहता है, लेकिन रात में पूरा रास्ता अंधेरे में डूबा रहता है। सामने से आने वाले वाहन भी ठीक से नजर नहीं आते, जिससे हादसे का डर बना रहता है। अगर जल्द व्यवस्था नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
- अरविंद राणा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।