शामली में फिसलन भरे रास्ते पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दंपती की दबने से मौत
शामली में पशुओं के लिए चारा लेने जा रहे बुजुर्ग दंपती की ट्रैक्टर-ट्रॉली फिसलन भरे रास्ते पर पलट गई, जिससे राजेंद्र और सुशीला की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
शामली में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बुजुर्ग दंपती की मौत।
फिसलन भरे रास्ते पर चारा लेने जाते समय हुआ हादसा।
राजेंद्र और सुशीला की मौके पर ही हुई दुखद मृत्यु।
संवाद सूत्र, शामली। रुक-रुककर हो रही वर्षा के बीच खेत से पशुओं के लिए हरा चारा लेने जा रहे बुजुर्ग दंपती की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तीन फिट नीचे खेत में पलट गई। हादसे में मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। पति ट्रैक्टर और पत्नी ट्रॉली के नीचे दब गए थे।
चीख-पुकार पर आसपास के खेतों में कार्य कर रहे किसान मौके पर आए और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे से दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसके बाद स्वजन और पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। वहीं, दंपती की मौत से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।
झिंझाना क्षेत्र के गांव बझेड़ी निवासी 66 वर्षीय राजेंद्र पुत्र दिलेराम 62 वर्षीय पत्नी सुशीला के साथ गुरुवार दोपहर बाद पशुओं के लिए हरा चारा लेने ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेत जा रहे थे। खेत तक पहुंचने के लिए उन्हें गांव के एक कच्चे चकरोड (रास्ते) से होकर गुजरना था।
वर्षा के कारण कच्चे रास्ते पर कीचड़ और फिसलन बनी हुई थी। जैसे ही राजेंद्र ने ट्रैक्टर को चकरोड पर आगे बढ़ाया, तभी फिसलन के कारण ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। राजेंद्र जब तक उसे संभाल पाते, तब तक ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर चकरोड के किनारे बने तीन फिट गहरे खेत में पलट गई।
खबरें और भी
हादसे में राजेंद्र ट्रैक्टर के नीचे आ गए और पत्नी सुशीला ट्रॉली के नीचे दब गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मशक्कत कर दोनों को ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पुलिस पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। झिंझाना थाने के अपराध निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि खेत से पशुओं का चारा लेने जाते समय चकरोड की फिसलन के कारण ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से दपंती की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।