कैराना विधायक का रिपोर्ट कार्ड: विकास के दावों के बीच बेहतर स्वास्थ्य सेवा, राेजगार, शिक्षा और खेल सुविधाओं की मांग कर रही जनता
Uttar Pradesh MLA Report Card: कैराना विधानसभा क्षेत्र में विधायक नाहिद हसन के विकास के दावों के बावजूद स्थानीय लोग बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवस ...और पढ़ें

कैराना विधानसभा क्षेत्र
HighLights
स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और रोजगार में कैराना पिछड़ा।
सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर-स्टाफ की भारी कमी।
जागरण संवाददाता, शामली। कैराना विधानसभा क्षेत्र में विकास को लेकर समय-समय पर बड़े दावे किए जाते रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात भी मिली है, जिनमें नेशनल हाईवे, पीएसी की नई वाहिनी, डंपिंग ग्राउंड और प्रमुख संपर्क मार्गों का निर्माण शामिल है।
बावजूद इसके यदि जमीनी हकीकत पर नजर डालें तो स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों में आज भी कमियां साफ दिखाई देती हैं। बड़ी आबादी ग्रामीण क्षेत्र में निवास करती है, जो आज भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा और खेल सुविधाओं की मांग कर रही है।

कैराना विधानसभा की बात करें तो यह प्रदेश ही नहीं देश में भी पहचान रखती है। सपा से नाहिद हसन लगातार तीन बार से विधायक हैं। बावजूद इसके यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं में क्षेत्र पिछड़ा हुआ है। रोजगार के अवसर भी कम हैं, इसके चलते ही बड़ी संख्या में युवाओं को पड़ोसी राज्य हरियाणा की ओर रुख करना पड़ता है।
सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है। बरसात के दौरान जलभराव यहां की पहचान बनता जा रहा है। सेहत की बात करें तो सरकारी अस्पताल तो हैं, लेकिन सुविधाएं नहीं हैं। सीएचसी में लंबे समय से चिकित्सकों, विशेषज्ञ डाक्टरों, स्टाफ नर्सों और अन्य कर्मचारियों की कमी है। उच्च शिक्षा के लिए पर्याप्त सरकारी संस्थान तक नहीं हैं।
खबरें और भी
इंटर के बाद अधिकांश विद्यार्थियों को शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर या अन्य शहरों में जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित भी रह जाते हैं। स्थानीय लोगों की मांग भी यही है कि क्षेत्र में डिग्री कालेज, तकनीकी संस्थान और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएं।
यहां के युवाओं में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन प्रशिक्षण केंद्र का अभाव है। खिलाड़ियों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में कैराना क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं मिली हैं। पीएसी की नई वाहिनी की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। कांधला-झिंझाना मार्ग के निर्माण और डंपिंग ग्राउंड जैसी योजनाओं से भी क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्यों में लगती है पूरी निधि: विधायक
सपा विधायक नाहिद हसन ने बताया कि हम सत्ता में नहीं हैं, इसलिए हम ज्यादा कुछ नहीं कर पाते। इसके बावजूद विधायक निधि से दरगाहपुर मजरा के हसंगपुर जाटान में मुख्य मार्ग से श्मशान घाट तक खड़ंजे की सड़क का निर्माण, गागौर में सीसी रोड निर्माण, ऐरटी में कब्रिस्तान की चारदीवारी, नगर के मुहल्ला अफगानान और दरबार खुर्द में 24 पोल विद्युत लाइन बिछाई गई है।
पंथूपुरा के मजरा ताहरपुर और खोडसमा में बारात घर का निर्माण कराया गया। उनकी पूरी निधि विकास कार्यों में लगती है। इस बार भी ढाई करोड़ रुपये अभी तक आए हैं, जो विकास कार्यों में लग चुके हैं।
क्षेत्र में रोजगार की बहुत कमी: कांग्रेस प्रत्याशी
चुनाव में तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी अखलाक चौधरी ने बताया कि यहां पर रोजगार की बहुत कमी है। प्रतिदिन हजारों युवा नौकरी के लिए हरियाणा जाते हैं। कई बार दुर्घटना में अपनी जान भी गंवा देते हैं। सरकारी अस्पताल में स्टाफ बहुत कम है, जिस कारण गरीब मरीज परेशान रहता है। अब क्षेत्र में स्टेडियम की भी जरूरत है। युवाओं को खेल मैदान और सुविधाओं के अभाव में पीछे हटना पड़ता है। शिक्षा के क्षेत्र की बात करें तो यहां पर उच्च संस्थान की बहुत जरूरत है। इस ओर कार्य होना चाहिए।
जनता कहिन
पिछले पांच साल में क्षेत्र में विकास तो हुआ है, लेकिन वह नाकाफी है। यहां पर डाक्टरों की कमी है। रोजगार के अवसर नहीं हैं। बरसात में स्थिति सबके सामने आ जाती है। इसमें सुधार की जरूरत है। युवाओं के लिए स्टेडियम भी बनना चाहिए।
-अनिल गुप्ता
क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार नहीं है। यहां पर फैक्ट्री लगनी चाहिए ताकि रोजगार मिल सके। प्रतिदिन हजारों लोग रोजगार के लिए हरियाणा जाते हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य की हकीकत भी सबके सामने हैं। यहां से लोगों को इलाज और पढ़ाई के लिए बाहर जाना पड़ता है।
-शमशेर खान
यहां पर खेल का मैदान नहीं है। अस्पताल में डाक्टर भी नहीं मिलते। नेशनल हाईवे तो अच्छा बन गया लेकिन मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। इस ओर कार्य करने की जरूरत है। दावों को हकीकत में पूरा होना चाहिए। लोग सुविधाओं से लंबे समय से वंचित चले आ रहे हैं।
-सुरेंद्र चौहान
व्यापारियों को सुरक्षा तो मिल रही है, लेकिन यहां पर उच्च शिक्षा का अभाव है। शिक्षा संस्थान खुलने चाहिए। इसके अलावा सेहत और खेल की कमी भी झेलनी पड़ रही है। यहां पर विकास के कार्य होने चाहिए, तभी लोगों को परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
-प्रवीण चौहान