Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लाइनमैन की बाइक का 30 मिनट में कटा दो बार चालान, नाराज हुए तो काट दी चौकी की लाइन; फिर क्या... हो गया हंगामा

    By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sun, 01 Feb 2026 02:37 PM (IST)

    शामली के बिड़ौली में एक लाइनमैन का 30 मिनट में दो बार चालान कटने से वह नाराज हो गया। गुस्से में उसने पुलिस चौकी की बिजली काट दी, यह आरोप लगाते हुए कि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    शामली के बिडौली पुलिस चौकी पर जलती लाइट। जागरण

    संवाद सूत्र, जागरण, बिड़ौली (शामली) : कमालपुर बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन की बाइक का पुलिस ने 30 मिनट में दो बार चालान कर दिया। इससे नाराज होकर लाइनमैन ने पुलिस चौकी की बिजली लाइट काट दी और कहा कि बिना कनेक्शन बिजली आपूर्ति हो रही थी। हालांकि कुछ देर बाद ही पुलिस ने अन्य लाइनमैन को बुलाकर लाए और फिर से लाइन जुड़वा ली थी। वहीं, एसपी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। उधर, अधीक्षण अभियान ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

    झिंझाना थाना क्षेत्र के बिड़ौली में कमालपुर बिजलीघर पर आशु निवासी अजीजपुर लाइनमैन है। उसने बताया कि गुरुवार शाम को वह चौकी के पास से यमुना पार बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था। तब किसी पुलिसकर्मी ने पीछे से फोटो खींचकर चालान कर दिया था। करीब आधे घंटे बाद वह पेट्रोल डलवाकर आया तो उसे रोककर फिर से चालान कर दिया।

    दोनों बार बिना हेलमेट का एक-एक हजार रुपये का चालान किया गया था। शुक्रवार को वह अपने साथियों रिजवान, सुनील, रविंद्र और कुलदीप आदि के साथ चौकी पर पहुंचा और प्रभारी योगेंद्र यादव से मिला। उन्हें चालान काटे जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाने के पुलिसकर्मी चेकिंग पर आए थे, उन्होंने ही चालान कर दिया था। अब कुछ नहीं हो सकता। इसके बाद लाइनमैन ने चौकी की बिजली काट दी और कहा कि बिना कनेक्शन के चौकी में बिजली इस्तेमाल की जा रही थी।

    चौकी प्रभारी ने सप्लाई काटने की सूचना जूनियर इंजीनियर कुमार संजीव सौरभ को दी और लाइन जुड़वाने के लिए कहा। बिड़ौली चौकी प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार शाम को कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया था। जेई कुमार संजीव सौरभ का कहना है कि आवेदन मिल गया है। जल्द ही कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा।

    चौकी पर कनेक्शन होना चाहिए : एएसपी
    एएसपी सुमित शुक्ला ने कहा कि इस संबंध में उन्हें किसी ने जानकारी नहीं दी है। यदि चौकी पर बिना कनेक्शन बिजली चल रही थी, तो गलत है। कनेक्शन के लिए आवेदन कराया जाएगा, और नियमानुसार ही बिजली का इस्तेमाल होगा। उधर, अधीक्षण अभियंता जितेंद्र सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी, और नियमानुसार कार्रवाई होगी। संबंधित एक्सईएन से रिपोर्ट भी ली जाएगी। साथ ही अन्य चौकियों के कनेक्शन की भी जांच कराई जाएगी।

    बिना कनेक्शन फिर जुड़वा दी लाइन
    शुक्रवार रात लाइनमैन ने बिजली काट दी थी और कुछ देर बाद ही पुलिस ने फिर से लाइन को जुड़वा दिया था। इस संबंध में शनिवार शाम भी जेई का कहना था कि आवेदन मिला है, अभी स्वीकृति नहीं हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि पुलिस ने फिर से बिना अनुमति और कनेक्शन के ही बिजली शुरू करा दी है।

    लगभग दो दशक पहले बनी थी चौकी
    बताया गया कि करीब दो दशक पहले चौकी बनाई गई थी। तब से ही यहां पर बिजली का इस्तेमाल हो रहा है। शुक्रवार को विवाद सामने आया तो पता चला कि बिना कनेक्शन के ही यहां पर बिजली चल रही थी। चौकी पर कनेक्शन भी कामर्शियल लगाया जाता है। ऐसे में ऊर्जा निगम से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि दो दशक से बिजली चल रही है तो लाखों का ही जुर्माना बनता है।