कार में बैठे लोगों ने लगाई आवाज, घर का गेट खोलते ही चला दी गोली... वारदात CCTV में हुई कैद
Shamli News : शामली में कार सवारों ने एक व्यक्ति के घर के बाहर गोली चलाई। यह घटना सोमवार रात आदर्श मंडी थानाक्षेत्र की चरण सिंह कालोनी में हुई। वारदात ...और पढ़ें

सीसीटीवी में कैद हुई आरोपितों की कार।
जागरण संवाददाता, शामली। कार सवारों ने एक व्यक्ति के घर के बाहर पहुंचकर आवाज लगाई। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो फायरिंग कर दी। गोली दरवाजे में लगी, जिससे वह बच गए। इसके बाद उन्होंने दरवाजा बंद किया और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र की चरण सिंह कालोनी निवासी अनुज निर्वाल ने बताया कि सोमवार रात करीब सवा 10 बजे वह परिवार के साथ घर में मौजूद थे। तभी घर के बाहर किसी ने आवाज लगाई, तो वह दरवाजा खोलने के लिए गए। जैसे ही उन्होंने लोहे का बड़ा गेट आधा खोला तभी बाहर मौजूद कार में बैठे लोगों में से किसी ने गोली चला दी, जो गेट में लगी।
इस पर उन्होंने गेट बंद कर दिया। गोली की आवाज सुनकर स्वजन और आसपास के लोग भी आ गए। घटना उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उन्होंने पुलिस को फुटेज भी उपलब्ध करा दी। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है। थाना अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
अनुज का कहना है कि गाड़ी में चार-पांच लोग सवार थे। गनीमत रही कि गोली गेट में ही लगी थी। बताया कि दो-तीन महीने पहले उनके बेटे का कुछ लड़कों से विवाद हुआ था। तब उन्होंने बेटे को समझा दिया था। उसके बाद से सब कुछ सामान्य था।
धारदार हथियारों के साथ घर में घुसने का प्रयास
कांधला थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा कुर्तान निवासी मुस्तफा का आरोप है कि मामूली विवाद को लेकर कई लोगों हाथों में धारदार हथियार व लाठी डंडे लेकर उसके घर में घुसने का प्रयास किया और आरोपितों ने उसका दरवाजा तोड़ने की कोशिश की।
इसका पूरा वीडियो पास के लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। पीड़ित ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में जांच करने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।