Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाइयों के विवाद में पंचायत के फरमान से असंतुष्ट किसान का पंच के घर धरना, पत्नी-बच्चों के भी बैठने की दी चेतावनी

    By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 30 Jan 2026 05:06 PM (IST)

    शामली के सकौती गांव में चार भाइयों के बीच 169 बीघा जमीन का पुराना विवाद पंचायत के फैसले के बाद फिर भड़क गया है। फैसले से असंतुष्ट एक भाई तेजपाल, पंच न ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    चौसाना के सकौती में धरने पर मौजूद तेजपाल। जागरण

    संवाद सूत्र, जागरण, चौसाना (शामली)। गांव सकौती में चार भाइयों के बीच वर्षों से चल रहा 169 बीघा जमीन का विवाद पंचायत के फैसले के बाद फिर उभर गया। निर्णय से असंतुष्ट एक भाई गुरुवार सुबह से एक पंच के घर के बाहर धरने पर बैठ गया।

    चौसाना क्षेत्र के सकौती निवासी महक सिंह, ऋषिपाल, तेजपाल और विजयपाल सगे भाई हैं। इनकी पैतृक जमीन मुश्तरका खाते में दर्ज है, लेकिन कुर्रा बंदी न होने के कारण करीब 15 वर्षों से विवाद चला आ रहा था। कई बार मामला पुलिस तक भी पहुंचा था।

    विवाद को शांत कराने के लिए करीब दो वर्ष पहले पंचायत हुई थी, जिसमें चारों भाइयों की ओर से एक-एक पंच को चुना गया था। उन्होंने चारों भाइयों से एक-एक लाख रुपये जमानत के तौर पर अपने पास रखवाए थे। साथ ही स्पष्ट कर दिया था कि जो भी भाई फैसला नहीं मानेगा, उसकी जमानत राशि अन्य भाइयों को दे दी जाएगी।

    पंच संसार, प्रवीण, बंटी और नीटू का कहना है कि उन्होंने बिना भेदभाव के फैसला सुनाया था। तीन भाई कुर्रा बंदी के लिए तैयार हो गए थे, जबकि तेजपाल ने बाद में आपत्ति जता दी थी। उन्होंने बताया कि समझौते के तहत ढाई बीघा जमीन तेजपाल को दिलवाई गई और उसका बैनामा भी कराया गया, लेकिन अब वह अपने फैसले से मुकर गया है।

    तेजपाल का आरोप है कि निर्णय निष्पक्ष नहीं था। उसके साथ न्याय नहीं हुआ, इसलिए उसने अपने एक लाख रुपये वापस मांगे, जो नहीं लौटाए गए। इसी से नाराज होकर वह गुरुवार सुबह आठ बजे से पंच नीटू के घर के बाहर धरने पर बैठ गया। चेतावनी दी कि रुपये वापस नहीं मिलने पर पत्नी और बच्चे भी अन्य पंचों के घर धरने पर बैठेंगे।