Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राम की कथा में मद्रासी गिरोह की महिलाएं करतीं थी यह गलत काम...गिरोह की एक और सदस्य गिरफ्तार

    By Akash Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sat, 22 Nov 2025 01:35 PM (IST)

    शामली पुलिस ने रामकथा में चोरी करने वाले मद्रासी गिरोह की दूसरी महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से चोरी की चेन बरामद हुई है। गिरोह की अन्य तीन महिलाएं फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। यह गिरोह यू-ट्यूब पर कथा देखकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और पहले भी कई शहरों में वारदातें कर चुका है।

    Hero Image

    शामली कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपित महिला। सौ. पुलिस


    जागरण संवाददाता, शामली। शहर के प्रमुख उद्यमी के यहां श्रीराम कथा में पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले मद्रासी गिरोह की दूसरी सदस्य को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिला से चेन बरामद हो गई है। फरार तीन महिलाओं की पुलिस तलाश कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कोतवाली क्षेत्र की पाश कालोनी कमला कालोनी निवासी उद्यमी अनुज गर्ग के आवास पर कुछ समय पूर्व श्रीराम कथा का आयोजन किया गया था। इसमें परिवार की महिलाएं, रिश्तेदार व परिचित शामिल हुए थे। कथा के बाद घर के बाहर भोजन की व्यवस्था थी। इस दौरान उद्यमी की बहन ऋचा गर्ग, संतोष देवी निवासी सहारनपुर, कृष्णा गोयल, सुमन गुप्ता, सुषमा गोयल के गले से सोने की चेन व लाकेट चोरी हो गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। 14 अक्टूबर को पुलिस ने महिला ज्योति हाल निवासी नई दिल्ली को गिरफ्तार किया था।

    महिला से सोने की गिट्टी बरामद की गई थी। पूछताछ के बाद मद्रासी गिरोह का राजफाश हुआ था। थाना प्रभारी सचिन शर्मा के अनुसार गिरोह में पांच महिलाएं हैं, जो यू-ट्यूब पर बड़े कथा वाचकों की कथा देखकर उसी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया करती थी। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने इस प्रकरण में पूर्वी यमुना नहर पुल के पास से एक महिला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अपना नाम नैना पत्नी सिल्वा निवासी शकरपुर दिल्ली, पूर्व निवासी मदनगिर थाना अंबेडकरनगर दिल्ली बताया। आरोपित महिला के कब्जे से पुलिस ने सोने की चेन बरामद की। थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि अन्य तीन महिलाओं की तलाश जारी है।