Trending

    शामली में दौरा पड़ने से चलती बाइक से गिरी महिला, मौत

    Updated: Thu, 05 Mar 2026 09:52 PM (IST)

    झिंझाना में दवाई लेने जा रही एक महिला को चलती बाइक पर दौरा पड़ गया। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    संवाद सूत्र, झिंझाना (शामली)।  कस्बे में गाड़ी वाला चौराहे के पास गुरुवार दोपहर बाइक से दवाई लेने जा रही महिला को अचानक दौरा पड़ गया। वह चलती बाइक से गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसको जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, और शव को ले गए।

    सहारनपुर के गांव नकुड़ निवासी 28 वर्षीय रानी पत्नी शावेज अपने जेठ सादिक के साथ बाइक से कैराना अपनी बच्चियों की दवाई लेने के लिए आ रही थी। उसके साथ उसकी दो बेटियां भी थीं, जिनमें एक की उम्र तीन वर्ष और दूसरी की उम्र तीन माह है। वह जैसे ही गाड़ी वाला चौराहे के आगे पहुंचे, तभी अचानक महिला को दौरा पड़ गया और वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई।

    सादिक ने तुरंत ही बाइक रोक ली। आसपास के लोग भी एकत्र हो गए थे। चलती बाइक से गिरने के चलते महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना मिलने पर महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि महिला को पहले भी दौरे पड़ते थे। उन्होंने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। वहीं, महिला के साथ मौजूद दोनों बच्चियों को इस घटना में मामूली चोट आई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।