थाना भवन विधानसभा क्षेत्र: विधायक अशरफ अली खान गिना रहे उपलब्धियां, लेकिन कई पुरानी समस्याओं का नहीं हुआ समाधान
Uttar Pradesh MLA Report Card: शामली जिले के थाना भवन क्षेत्र से विधायक अशरफ अली खान अपनी उपलब्धियां गिना रहे हैं, वहीं जनता एक्सप्रेस का क्षेत्र में ...और पढ़ें

थाना भवन विधानसभा क्षेत्र
HighLights
जनता एक्सप्रेस का ठहराव, बस स्टैंड जैसी मांगें अधूरी।
जलभराव, अधूरी सड़कें और सफाई व्यवस्था प्रमुख मुद्दे।
जागरण संवाददाता, शामली। थाना भवन सीट से 2022 के चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी अशरफ अली खान विधायक निर्वाचित हुए थे। उनके विधायक बनने के बाद क्षेत्र में कई परियोजनाएं तो शुरू हुईं, लेकिन जनता एक्सप्रेस के ठहराव और रोडवेज बस स्टैंड, नाला, गंदगी, अधूरी सड़कें, जलभराव जैसी वर्षों पुरानी मांगें आज भी जस की तस बनी हुई हैं।

बरसात के दिनों में तो नगर से लेकर गांव तक जलभराव की समस्या से दो चार होते हैं। विकास कार्यों को लेकर लगातार किए जा रहे दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अधूरी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। खेल, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं पूरी नहीं हो सकी हैं।
गांव हसनपुर लुहारी में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट, कैड़ी में रपटा पुल, जलालपुर में मिनी स्टेडियम जैसी योजनाएं पूरी होने के इंतजार में हैं। गांव लतीफगढ़ में आइटीआइ का निर्माण भी लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि पूर्व सपा विधायक एवं वर्तमान एमएलसी किरणपाल कश्यप लगातार आइटीआइ के निर्माण को लेकर अपनी पहल बताते रहे हैं, अब मौजूदा विधायक अशरफ अली भी आइटीआइ के निर्माण को लेकर सक्रियता दिखा रहे हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाभवन से कादरगढ़ मार्ग तक का चौड़ीकरण समेत कई सड़क परियोजनाओं में भी अधूरापन देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, तो कहीं काम शुरू होने का इंतजार है। खेल के लिए युवाओं के पास मैदान तक नहीं हैं। उनको पुलिस और सेना की भर्ती के लिए सड़कों पर ही पसीना बहाना पड़ता है। मैदान और सुविधाओं की मांग लंबे समय से की जा रही है, जो आज तक पूरी नहीं हो सकी है।
खबरें और भी
वादों के अनुरूप किया है कार्य: विधायक
विधायक अशरफ अली का कहना है कि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में अपने वादों के अनुरूप कार्य किया है। लतीफगढ़ में आइटीआइ का निर्माण कार्य कराया है। क्षेत्र में कृष्णा नदी पर दो पुलों का निर्माण कार्य कराया गया है। पांच ओपन जिम का निर्माण कार्य कराया है। क्षेत्र के भैसानी इस्लामपुर सहित अन्य कई गांव में सड़कों का निर्माण कार्य भी कराया है।
विकास के दावों पर खरे नहीं उतरे विधायक: मलिक
पिछले चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे जाहिर मलिक ने कहा कि विधायक ने जिस प्रकार चुनाव के समय विकास के दावे किए थे, उन पर खरे नहीं उतर सके हैं। क्षेत्र में गन्ना भुगतान समय पर नहीं हो पाया है, सफाई व्यवस्था शून्य है। टूटी सड़कें, जगह-जगह जलभराव से क्षेत्रवासी परेशान हैं। विधायक आम जनता के विकास के लिए कुछ खास नहीं कर पाए हैं।
जनता कहिन
विधानसभा क्षेत्र में कई जगह सड़कें और अन्य विकास कार्य रुके पड़े हैं, जिससे लोगों को असुविधा होती है। बरसात में जलभराव, खराब जलनिकासी और गांवों की सफाई जैसी समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं। इन मूलभूत समस्याओं का भी जल्द समाधान होना चाहिए।
पंकज सैनी, ग्रामीण
सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से सड़कें और सहकारी सुविधाएं बेहतर नहीं हुई हैं। खेतों तक जाने वाले कई संपर्क मार्ग, सिंचाई व्यवस्था और नालों की सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि खेती-किसानी और आसान हो सके।
रवि आर्य, किसान
क्षेत्र में कुछ खास विकास कार्य नहीं हुए हैं। जनता एक्सप्रेस के ठहराव और रोडवेज बस स्टैंड जैसी वर्षों पुरानी मांगें आज भी अधूरी हैं। यदि ये सुविधाएं मिल जाएं तो व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी।
अमित मित्तल, व्यापारी
विधानसभा क्षेत्र में विकास और अधूरी सुविधाओं दोनों की तस्वीर दिखाई देती है। जहां कई निर्माण कार्य हुए हैं, वहीं स्वच्छता, जलभराव, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं जैसे मुद्दों पर अभी भी गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है, ताकि हर वर्ग को विकास का समान लाभ मिल सके।
गौरव राणा, नागरिक