मेरठ-करनाल हाईवे पर डिवाइडर से टकराई बाइक, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
मेरठ-करनाल हाईवे पर झिंझाना के पास बाइक डिवाइडर से टकराने से दो दोस्तों हरिओम और प्रवीण की दर्दनाक मौत हो गई। तेज हवा के कारण बाइक अनियंत्रित हुई थी; ...और पढ़ें
-1781292087556_m.webp)
मेरठ-करनाल हाईवे पर हादसे में दो दोस्तों की मौत।
HighLights
मेरठ-करनाल हाईवे पर बाइक डिवाइडर से टकराई।
हरिओम और प्रवीण नामक दो दोस्तों की मौत।
पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहा था एक युवक।
संवाद सूत्र, झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर गुरुवार रात डिवाइडर से बाइक टकराने पर दो दोस्तों की मौत हो गई। एक युवक आरक्षी भर्ती की परीक्षा देकर लौटा था, और दोस्तों को दावत देने के लिए अपने साथी के साथ मिठाई और दाल लेकर आ रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
गुरुवार रात करीब 11 बजे गांव अहमदगढ़ निवासी हरिओम और उसका साथी खानपुर कलां निवासी प्रवीण बाइक से मेरठ-करनाल हाईवे से आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव केरटू पुल के पास पहुंची, अचानक आंधी आने के बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी झिंझाना में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
हरिओम गुरुवार को बिजनौर में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा देकर घर लौटा था, वहीं प्रवीण भाइयों में सबसे छोटा था और वह लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
बताया गया कि हरिओम को आरक्षी भर्ती परीक्षा में सफल होने की पूरी उम्मीद थी, इसलिए उसने गुरुवार रात दोस्तों के लिए पार्टी रखी थी। पार्टी के बीच वह अपने साथी प्रवीण के साथ केरटू दाल और मिठाई लेने के लिए गया था। रास्ते में दोनों की मौत हो गई।
हरिओम के पिता किसान हैं। थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि बाइक के डिवाइडर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन के सिपुर्द कर दिए गए। किसी पक्ष की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई।