श्रावस्ती में पूर्व प्रधान और पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत, जमीन विवाह में हत्या की आशंका
बहराइच में वृद्ध पूर्व प्रधान और पत्नी की संदिग्ध हालात में हो गई। रविवार की सुबह पूर्व प्रधान का शव मकान के बरामदे में तो पत्नी का शव मकान के पास झाड़ी में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके पीछे जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश बताई जा रही है।
-1763903087278.webp)
पूर्व प्रधान और पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत।
संवाद सूत्र, इकौना (श्रावस्ती)। इकौना क्षेत्र के खांवा पोखर गांव में वृद्ध पूर्व प्रधान व पत्नी की संदिग्ध हालात में हो गई। रविवार की सुबह पूर्व प्रधान का शव मकान के बरामदे में तो पत्नी का शव मकान के पास झाड़ी में पड़ा मिला। दोनों शवों के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। जमीनी विवाद में हत्या होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस व फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किया है। एसपी राहुल भाटी ने एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम व सीओ भरत पासवान के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया है।
खांवा पोखर निवासी पूर्व ग्राम प्रधान रोशन खां व उनकी पत्नी वसीला रविवार की सुबह संदिग्ध हालात में मृत मिले। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस व फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व ग्राम प्रधान ने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद लगभग छह-सात वर्ष पूर्व सेमगढ़ा गांव निवासी वसीला से दूसरा निकाह किया था। वसीला की पहले दो शादियां हो चुकी थीं। पतियों की मौत के बाद उनका तीसरा निकाह रोशन खां से हुआ था।
मृतका के पहले पति के दो पुत्र सेमगढ़ा में रहते हैं। रोशन के दो पुत्र गांव में रहते हैं। मृतक दंपती इच्छानुसार दोनों पुत्रों के पास रहा करते थे। शनिवार की रात पूर्व प्रधान अपने पुत्रों के मकान के नजदीक स्थित पुश्तैनी मकान में पत्नी के साथ सोने चले गए थे।
रविवार की सुबह दंपती मृत अवस्था में अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। इकौना थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना संपत्ति विवाद में संदिग्ध हत्या लगती है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
मृतका के सेमगढ़ा निवासी पुत्र मुकीम की तहरीर पर मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मृतक के दोनों पुत्रों पुल्लुर व हसीब से पूछताछ की जा रही है।
पत्नी को दान कर दिया था मकान
मृतक रोशन खां का इकौना नगर में पांच वेशकीमती मकान हैं। चार अगस्त को उन्होंने सभी मकान अपनी पत्नी को दान कर दिया था। उसी दिन दान के तुरंत बाद दो मकान की बिक्री भी की गई थी। इसको लेकर विवाद की स्थिति बन गई थी।
मृतका की ओर से बैनामा निरस्तीकरण का वाद दीवानी न्यायालय में दायर किया गया था, जो लंबित है। गांव में चर्चा है कि मृतका के दोनों पुत्र सेमगढ़ा से रात में खांवा पोखर आए थे। तब मृतक दंपती अपने छोटे पुत्र पुल्लुर के पास थे। वहीं कुछ विवाद भी हुआ था। इसके बाद दंपती पास में ही स्थित पुश्तैनी मकान में सोने चले आए थे।
इस घटना को इकौना नगर की संपत्ति विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जाता है कि मृतका ने संपत्ति विवाद शुरू होने के बाद जानमाल की सुरक्षा के लिए पुलिस उच्चाधिकारियों व मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा था।
वृद्ध दंपती घर में मृत अवस्था में पाए गए हैं। मौके से साक्ष्य संकलन किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद को लेकर हत्या होना प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच की जा रही है। -राहुल भाटी, एसपी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।