Sitapur News: मां का फंदे से लटका मिला शव, छह महीने के बेटे का बेड पर मिली लाश; पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
सीतापुर के महोली में एक महिला और उसके छह महीने के बेटे का शव घर में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव पंखे से लटका मिला जबकि बच्चे का शव चारपाई पर पड़ा था। मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, महोली (सीतापुर)। मुहल्ला नया जलालपुर में मंगलवार शाम मां और छह माह के बेटे का शव घर में मिला। मां रुबी का शव कमरे में फंदे से लटक रहा था। वहीं, बेटे अनुराग का शव चारपाई पर पड़ा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय रूबी के पति विजय खेत पर थे। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। रूबी को लेकर पुलिस आत्महत्या की आशंका व्यक्त कर रही है। उधर, रूबी के मायके पक्ष के लोग विजय पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। विजय को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
विजय दोपहर में खेत गए थे। उनकी मां कलावती घर के बाहर बैठी थीं। बताया जा रहा है कि विजय शाम को खेत से वापस आए तो रुबी का शव एक कमरे में लटक रहा था। वहीं, छह माह के बेटे अनुराग का शव दूसरे कमरे में चारपाई पर पड़ा था। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह और क्षेत्राधिकारी दीपक सिंह फोरेंसिंक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। शव को नीचे उतरवाया। उधर, रूबी के मायके वाले भी घटना पहुंच गए। रूबी के पिता लखीमपुर के गांव जमुका के खुशीराम ने विजय पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, उन्होंने तहरीर नहीं दी है।
पांच वर्ष पहले हुई थी शादी
विजय और रुबी की पांच वर्ष पहले शादी हुई थी। उनके दो बच्चे थे। इसमें बेटे की मौत हो गई है। चार वर्षीय बेटी पिंकी बची है। विजय की मां कलावती का कहना है कि रूबी ने दोपहर में पिंकी को मारा था। ऐसे में पिंकी घर से बाहर निकलकर उनके पास बैठ गई थी।
रूबी ने फांसी लगाई है। उनके बेटे अनुराग का संदिग्ध हालत में शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। विजय को हिरासत में ले लिया गया है। मायके पक्ष के लोग विजय पर मारपीट का आरोप लगा लगा रहे हैं। हालांकि, तहरीर नहीं दी है।- दीपक सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी महोली
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।