वर्चस्व को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, गोलियों से किसान का सीना किया छलनी, इस बात को लेकर उन्नाव में हुआ खूनी खेल
रास्ते में खड़ी कार हटाने को लेकर हुई कहासुनी चार घंटे बाद गंभीर हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद की खुन्नस में पूर्व प्रधान 60–70 समर्थकों के साथ युवक के घर पहुंचा और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। फायरिंग में युवक के 52 वर्षीय पिता के पेट और सीने में दो गोलियां लगीं, जिनमें से एक आरपार निकल गई।

संवाद सूत्र, आसीवन। रास्ते में खड़ी कार हटाने को लेकर शाम छह बजे हुई कहासुनी चार घंटे बाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। विवाद की खुन्नस में वर्चस्व दिखाते हुए पूर्व प्रधान अपने 60-70 समर्थकों के साथ युवक के घर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पेट व सीने में दो गोली लगने से युवक के 52 वर्षीय पिता वहीं गिर गए। एक गोली सीने के आरपार हो गई। स्वजन सीएचसी लेकर गए, जहां से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
रसूलाबाद चौकी प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि मदारपुर कैलई गांव निवासी 52 वर्षीय आजाद सिंह खेती कर परिवार का गुजारा चलाते थे। उनका बेटा शुभम गुरुवार शाम अपनी कार लेकर गांव में खड़ा था। इसी बीच बुलट बाइक से पड़ोसी गांव नौगवां निवासी पूर्व प्रधान राधेश्याम यादव वहां पहुंचा। गली संकरी होने से उसने शुभम से कार हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी व हाथापाई हो गई। चर्चा है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद को शांत करा दिया। जिस पर पूर्व प्रधान वहां से अपने गांव लौट गया।
समर्थकों के साथ घर पर हमला करने का आरोप
शुभम के अनुसार रात लगभग 10 बजे पूर्व प्रधान राधेश्याम ने अपने 50-60 समर्थकों के साथ उसके घर पर चढ़ाई कर दी। आरोप है कि राधेश्याम के गाली देने पर पिता जैसे ही घर से बाहर निकले, उसने साथियों के साथ मिलकर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पिता के पेट में व दूसरी सीने को चीरती हुई निकल गई। पिता वहीं खून से लथपथ हो गिर गए। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण इकट्ठा होते, इससे पहले आरोपित पूर्व प्रधान साथियों के साथ वहां से भाग निकला।
घटना की जानकारी पर एसओ आसीवन अरविंद कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी मियागंज ले गए। डाक्टर ने हालत नाजुक देख लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बेटे शुभम ने बताया कि पिता की हालत बहुत गंभीर है। उधर सीओ संतोष सिंह मौके पर पहुंचे और स्वजन से घटना की जानकारी ली। उन्होंने आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। चर्चा है कि पुलिस ने घटना के बाद पूर्व प्रधान व उसके चार से पांच साथियों को हिरासत में ले लिया। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि विवाद में गोली चलने व एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी मिली है। सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह मौके पर पहुंचे हैं। मैं भी मौके पर पहुंच रहा हूं। आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।