पूर्वांचल में बढ़ा कोहरे का जोर, गलन से कुछ राहत, जानें कैसा रहेगा आगे का मौसम
पूर्वांचल में कोहरे का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि, गलन से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन ठंड का अहसास बना हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरा और बढ़ने की संभावना जताई है और तापमान में गिरावट की आशंका व्यक्त की है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गुरुवार की सुबह अंचल से लेकर शहर तक कुहासा घना हुआ और मानो कोहरे की चादर चारों ओर पसरा रहा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल में मौसम का रुख लगातार बदलाव की ओर होने के साथ ही वातावरण का रुख अब कोहरे की ओर होने लगा है। गुरुवार की सुबह अंचल से लेकर शहर तक कुहासा घना हुआ और मानो कोहरे की चादर चारों ओर पसरा रहा।
धुंधलका अंचलों में सघन रहा तो शहर में ठंंडी हवाओं के बीच सूरज का ताप देर से चढ़ा। गलन का असर कम रहा तो कोहरे की चादर ने भी देर से पांव सिकोड़े। वातावरण में ठंडी हवाओं का रुख सूरज का ताप चढ़ने तक बना रहा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 28.3°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 12.6°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। आर्द्रता न्यूनतम 68% और अधिकतम 86% दर्ज की गई।
इसकी वजह से वातावरण में नमी का स्तर भी कुछ बढ़ा और ठंड का असर कुछ कम नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद कम ही है।
मौसम विभाग की ओर से कोई खास अलर्ट जारी नहीं होने का अर्थ यही माना जा रहा है कि इस सप्ताह कोई बड़ा मौसमी परिवर्तन नहीं होने जा रहा है। वातावरण में कोहरे का असर लगातार घना ही होने की उम्मीद है। जबकि सोनभद्र और मीरजापुर जैसे पहाड़ी इलाकों में लगातार कोहरे का असर बना हुआ है।
वातावरण में जैसे जैसे पछुआ हवाओं का जोर होगा वैसे वैसे कोहरे का असर और गलन का जोर पूर्वांचल में और प्रभावी होगा। हालांकि मौसम विभाग ने अचानक मौसम में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं जताई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।