वाराणसी में होने वाली ससुराल में क्रिकेटर रिंकू सिंह का हुआ ग्रैंड वेलकम, परोसे गए उनके पसंदीदा व्यंजन
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने वाराणसी में अपनी ससुराल का दौरा किया, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने अपने परिवार के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर मे ...और पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर वह अपनी मंगेतर मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज के साथ नजर आए।
जागरण संवाददाता, वाराणसी (पिंडरा)। भारतीय क्रिकेट टीम के चमकते सितारे रिंकू सिंह सोमवार की रात निजी कार्यक्रम के तहत करखियाव (कठेरवा) स्थित अपने ससुराल पहुंचे, जहां उनका आत्मीय और गर्मजोशी से भरा स्वागत किया गया। उनके ससुर, केराकत विधायक व पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने स्वजन संग बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उनके लिए उनके पसंदीदा व्यंजन भी परिवार ने परोसे तो रिंकू सिंह भी काफी प्रसन्न नजर आए।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रिंकू सिंह अपनी मंगेतर व सांसद प्रिया सरोज के साथ इंडिगो विमान से रात में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे करखियाव के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उनके साथ कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर अनुकूल राय भी मौजूद रहे। रिंकू के ससुराल पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने उन्हें गले लगाकर स्वागत किया और इस अवसर को खास बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। बताते चलें कि मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज से क्रिकेटर रिंकू सिंंह की सगाई हुई है, चर्चा है कि अब सर्दियों में शादी की तैयारी भी चल रही है। शादी की तैयारियों के लिए ही परिवार अब जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ें : क्रिकेटर रिंकू सिंह ने अपनी मंगेतर और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज के साथ बाबा दरबार में लगाई हाजिरी, मांगा आशीर्वाद
ससुराल में कुछ समय विश्राम करने के बाद सभी लोग रात्रि भोजन के लिए एकत्र हुए। इसके बाद, देर रात सभी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए निकलने का निर्णय लिया। रिंकू और उनके परिवार ने इस धार्मिक यात्रा को महत्वपूर्ण माना और सभी ने मिलकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने का संकल्प लिया। बताया गया कि रात्रि विश्राम शहर के एक फाइव स्टार होटल में उन्होंने किया, जहां रिंकू और उनके करीबी ही ठहरे थे।
पूरे कार्यक्रम को अत्यंत गोपनीय रखा गया, जिसके चलते स्थानीय प्रशंसकों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। रिंकू सिंह के ससुराल पहुंचने की खबर सुनकर उनके प्रशंसकों में उत्साह का माहौल था, लेकिन कार्यक्रम की गोपनीयता के कारण कोई भी वहां उपस्थित नहीं हो सका। देर रात करीब साढ़े 10 बजे वे करखियाव से शहर के लिए रवाना हुए। मंदिर में दर्शन के बाद उनके अयोध्या भी जाने की चर्चा थी लेकिन शाम को वह बाबा दरबार दर्शन पूजन करने के लिए प्रिया सरोज के साथ पहुंचे और बाबा का आशीर्वाद लिया। वहीं रिंकू सिंह के होने वाले ससुराल पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।