UP में 28 तक मौसम शुष्क, 29 को बन सकती कहीं-कहीं बारिश की स्थिति, मौसम विभाग ने किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। दक्षिणी अंडमान सागर में चक्रवाती परिसंचरण के कारण 24 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बन सकता है, जिससे 29 अक्टूबर को वाराणसी समेत दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी, जबकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

काशी के घाटों पर प्रदूषण के कारण छाया धुंध। जागरण
जागरण संवाददाता, वाराणसी। इधर कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण 28 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दक्षिणी अंडमान सागर के आस-पास मध्य क्षोभमंडल तक विस्तृत चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 24 अक्टूबर को दक्षिणी-पूर्वी एवं संलग्न पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी पर निम्नदाब क्षेत्र बन सकता है। बाद में यह पश्चिम-उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ सकता है और यदि यह प्रबल हुआ तो 29 अक्टूबर को वाराणसी समेत प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी भाग में कहीं-कहीं वर्षा की स्थिति भी बन सकती है।
यह पूर्वानुमान है लखनऊ स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक कार्यालय का। कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में मौसम तंत्र बनने के बाद समयावधि नजदीक आने पर स्थितियां और स्पष्ट हो सकेंगी।
उन्होंने बताया कि आगामी 3-4 दिनों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है जबकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
यह भी पढ़ें- बाबा विश्वनाथ धाम में 'यज्ञो वै विष्णुः महायज्ञ' आज से, बाबा को भेंट होगा एक किलो का स्वर्णनाग
फिलहाल बनारस में अधिकतम तापमान सामान्य से डेढ़ से ढाई डिग्री सेल्सियस तक अधिक चल रहा है तो न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग पांच से साढ़े छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। इससे रात को भी गर्मी का आभास हो रहा है।
गुरुवार को ही बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 34 डिग्री सेल्सियस रहा तो न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 25 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 33.8 रहा ताे न्यूूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच आर्द्रता 89 से 74 प्रतिशत तक बनी हुई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।