वाराणसी में सेंटरिंग हटाते समय ढह गई मकान की सीढ़ी, मलबे में दबकर ऑटो चालक की मौत
वाराणसी के चौबेपुर स्थित चंद्रावती बाजार में सेंटरिंग हटाते समय एक नवनिर्मित सीढ़ी ढह गई। इस हादसे में ऑटो चालक अरुण गुप्ता (35) मलबे में दबकर गंभीर र ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के चंद्रावती बाजार में मकान में ही ढाली गई सीढ़ी सेंटरिंग हटाते समय भरभराकर गिर गई। इस हादसे में सीढ़ी के मलबे में दबने से ऑटो चालक की मौत हो गई। जिससे पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
चंद्रावती बाजार निवासी शंभू गुप्ता के पुत्र अरुण गुप्ता उर्फ करिया (35 वर्ष) ऑटो चलाता था। अरुण गुप्ता अपने मकान में पिछले दिनों छत पर जाने के लिए सीढ़ी ढलवाए थे। सेंटरिंग हटाने का कार्य चल रहा था जिसमें अरुण भी मदद कर रहे थे। इसी दौरान सेंटरिंग अचानक कमजोर होकर खिसक गई और सीढ़ी का भारी हिस्सा भरभराकर अरुण के ऊपर जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और मलबे में दबे अरुण को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अरुण ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके परिवार में पत्नी सोनी देवी (क्षेत्र पंचायत सदस्य, चंद्रावती), दो बेटियां और दो बेटे हैं। घटना के बाद पत्नी, बेटी किंजल, बेटा अनिकेत समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन और स्थानीय लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार चंद्रावती गंगा घाट पर कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।