दीवाली के जश्न के बाद राजधानी की सड़कों पर पसरा कूड़ा, ठिकाने लगाना होगा 180 टन कूड़ा
दीवाली के जश्न के बाद दिल्ली की सड़कों पर लगभग 180 टन कूड़ा जमा हो गया है। इस कचरे में पटाखे और अन्य त्योहारी सामग्री शामिल है। नगर निगम अब इस कचरे को हटाने के लिए सफाई अभियान चला रहा है ताकि शहर को जल्द से जल्द साफ किया जा सके।

दून में पटाखों व अन्य ठोस अपशिष्ट की सफाई में जुटा नगर निगम। जागरण
जागरण संवाददाता, देहरादून। दीपावली के बाद शहर में कूड़े का भार 180 टन तक बढ़ गया, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर दबाव देखने को मिला। सामान्य दिनों में जहां दून से रोजाना करीब 450 से 500 टन कचरा निकलता है, वहीं त्योहार के दौरान यह मात्रा लगभग 680 टन तक पहुंच गई। पटाखों, पूजा-सामग्री और सजावट के अपशिष्ट ने शहर की सफाई व्यवस्था की असली परीक्षा ले ली। हालांकि, निगम की ओर से शहर की सफाई में पूरी ताकत झोंक दी गई है।
नगर निगम देहरादून की ओर से दावा किया गया है कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पूरा तंत्र मैदान में उतरा हुआ है। हालांकि, निगम अधिकारियों के अनुसार, पूरे शहर को साफ-सुथरा करने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। नगर आयुक्त नमामी बंसल के निर्देश पर निगम ने दीपावली, छठ पूजा और अन्य पर्वों को ध्यान में रखते हुए 11 से 20 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान शहर से 702.2 टन अतिरिक्त कचरा एकत्र कर
शीशमबाड़ा ट्रांसफर स्टेशन और प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया गया। निगम के अनुसार, वर्तमान में रोजाना करीब 100 टन अतिरिक्त कूड़ा उठाया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रालियां और वाहन लगाए गए हैं। वार्डों में बार-बार चक्कर लगाकर कचरे के समयबद्ध निस्तारण को सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही, ग्रीन वेस्ट संग्रह के लिए प्रतिदिन पांच ट्रैक्टर-ट्रालियां समर्पित की गई हैं।
नगर आयुक्त ने राशा इंफ्रास्ट्रक्चर, जो कि कारगी मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन और शीशमबाड़ा प्रोसेसिंग प्लांट का संचालन कर रही है, को दोनों शिफ्टों में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी सीएसआइ और एसआइ को अपने-अपने वार्डों की निगरानी सख्ती से करने के आदेश दिए गए हैं। नगर निगम का यह विशेष स्वच्छता अभियान छठ पूजा तक जारी रहेगा। निगम का लक्ष्य है कि देहरादून को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।