चुनाव बाद गायब हो जाते हैं राहुल, तेजस्वी का अनुभव मोबाइल तक सीमित, CM धामी का कांग्रेस-राजद पर हमला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिहार में कांग्रेस और आरजेडी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास विकास का कोई विजन नहीं है। उन्होंने जनता से एनडीए को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की, ताकि बिहार में विकास की गति बनी रहे। उन्होंने बिहार को संस्कृति, ज्ञान और गौरव की भूमि बताते हुए कहा कि यहाँ विकास और सुशासन की जरूरत है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। बिहार के चुनावी दौरे पर गए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में हुई सभाओं व रोड शो में कांग्रेस और आरजेडी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों के पास बिहार के विकास का कोई विजन या एजेंडा नहीं है।
राहुल गांधी चुनाव के बाद गायब हो जाते हैं, जबकि तेजस्वी यादव मोबाइल पर पोस्ट डालने तक सीमित हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि बिहार के तेजी से चहुंमुखी विकास के लिए एनडीए प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।
मुख्यमंत्री धामी शुक्रवार को बिहार के गोरियाकोठी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी देवेश कांत सिंह के समर्थन में आयोजित नामांकन सह आशीर्वाद सभा में उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ शामिल हुए। उन्होंने सिवान सीट से पार्टी प्रत्याशी मंगल पांडेय के पक्ष में रोड शो में भाग लिया। इसके अलावा वारसलीगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी अरुणा देवी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बिहार की भूमि सदियों से संस्कृति, ज्ञान और गौरव की भूमि रही है। इसी धरती से भगवान बुद्ध का ज्ञान, सम्राट अशोक की वीरता और धर्म का संदेश संपूर्ण विश्व में फैला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैंं। गरीबों का जीवन स्तर बेहतर बनाने को तमाम कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सभाओं में उमड़ रही भीड़ इस तरफ इशारा कर रही है कि भाजपा-एनडीए प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज कर बिहार के विकास की नई गाथा लिखेगा। कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टियां तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति में लिप्त हैं।
लालू परिवार ने तो भ्रष्टाचार में कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी के समय बिहार में जंगलराज था, जबकि नीतीश कुमार के समय इस राज्य में मंगलराज है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार में जनता ने विकास की लहर को महसूस किया है। अब जनता ने तय कर लिया है कि विकास, सुशासन और विश्वास के नाम पर ही वोट होंगे और उसी के पक्ष में जनता मुहर लगाएगी। जनता विकासवादी सोच को सम्मान देगी और भाजपा-एनडीए को शक्ति प्रदान कर बिहार को प्रगति की नई ऊंचाईयों तक ले जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।