Uttarakhand News: 4800 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसलों को पहुंची क्षति, कृषि मंत्री बोले- जल्द मिलेगा मुआवजा
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कृषि भूमि और उद्यानों में व्यापक क्षति हुई है जो मुआवजा वितरण की श्रेणी में आती है। मंत्री जोशी ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देने और उन्हें तुरंत मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की समीक्षा की। कृषि मंत्री ने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अतिवृष्टि के कारण कृषि भूमि में सिंचित व असिंचित मिलाकर लगभग 28 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नुकसान हुआ है। इसी प्रकार उद्यान क्षेत्र में 4800 हेक्टेयर में फसलों को क्षति पहुंची है। अधिकारियों ने बताया कि क्षति का क्षेत्रफल भारत सरकार के आपदा मानकों के अनुसार 33 प्रतिशत से अधिक है, जो मुआवजा वितरण की श्रेणी में आता है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाय। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसलों के नुकसान का नियमित सर्वेक्षण कर प्रतिदिन की रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी जाए। कृषि मंत्री जोशी ने कहा, केंद्र सरकार के मानकों के अनुसार शीघ्र कार्यवाही पूरी कर किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि आपदा से प्रभावित कृषकों को तुरंत राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें- Rudraprayag Flood Alert: अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी, प्रशासन अलर्ट
कृषि मंत्री ने शीघ्र नुकसान का आंकलन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कहा, राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों की हर संभव मदद की जाएगी। इस अवसर पर कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि परमाराम, बागवानी मिशन महेंद्र पाल, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।