देहरादून में DAV पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर मौत; आरोपी फरार
देहरादून में शिमला बाईपास रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बिष्ट को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना सेंट ज्यूड्स स्कूल के पास हुई। पुलिस ने वर्कशॉप मालिक को हिरासत में लिया है, क्योंकि दुर्घटना में शामिल कार मरम्मत के लिए वहां आई थी। घटना के बाद कार सवार फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-1760227999698.webp)
तेज रफ्तार कार ने डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष को कुचला।
जागरण संवाददाता, देहरादून। शिमला बाईपास रोड पर सेंट ज्यूड्स स्कूल के पास हुए हादसे में डीएवी पीजी कालेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौत हो गई और उनका साथी ऋतिक घायल हो गया। ऋतिक को वेलमेड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कार सवार फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह कार वर्कशाप में मरम्मत के लिए आई थी, इसलिए पुलिस ने वर्कशाप मालिक वसीम को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
एबीवीपी से वर्ष 2018 में छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए जितेंद्र बिष्ट का सेंट ज्यूड्स चौक के पास श्री गणेश प्रापर्टी नाम से कार्यालय है। शनिवार को जितेंद्र के दोस्त वासू का जन्मदिन था। सभी दोस्त केक काटने के लिए जितेंद्र बिष्ट के कार्यालय में एकत्र हुए। उनके साथ ऋतिक, ओमी सजवाण व वैभव रावत भी थे। रात करीब आठ बजे केक काटने के बाद सभी घर जाने के लिए कार्यालय से बाहर आ गए।
इसी बीच सेंट ज्यूड्स चौक से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर आई तेज रफ्तार निशान माइक्रा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जितेंद्र कार के नीचे आ गए, जबकि ऋतिक भी चपेट में आ गए। घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ ही दूरी पर कार को बरामद कर लिया। सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।