मसूरी में विंटरलाइन कार्निवाल की धूम, दिखा लोक संस्कृति और स्वाद का संगम
मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल के तीसरे दिन लोकसंस्कृति, संगीत और पहाड़ी व्यंजनों का अद्भुत संगम दिखा। विभिन्न मंचों पर गढ़वाली, जौनपुरी, जौनसारी लोकगीतों ...और पढ़ें

शाम ढलते ही मसूरी की मालरोड की रंगत बदल जाती है। शुक्रवार की शाम यहां बड़ी संख्या में पर्यटक चहलकदमी करते दिखाई दिए। जागरण
संवाद सहयेागी, जागरण मसूरी : मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल के तीसरे दिन लोकसंस्कृति, संगीत और पहाड़ी व्यंजनों का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न मंचों पर गढ़वाली, जौनपुरी और जौनसारी संस्कृति पर आधारित लोकगीतों व लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने देश-विदेश से आए पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मालरोड पर आयोजित फूड फेस्टिवल ने पहाड़ी स्वादों से लोगों का दिल जीत लिया।
मालरोड पर कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने फूड फेस्टिवल का शुभारंभ किया। फूड फेस्टिवल में मंडुवे (कोदा) का पिज्जा, मंडुवे के मोमोज, भड्डू की दाल, संवाड़े और उड़द की दाल के पकोड़े पर्यटकों की पसंद बने। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय व्यंजनों और संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
गांधी चौक स्थित मंच पर लोक गायिका मीना आर्य ग्रुप ने यमुना घाटी के जौनसार, जौनपुर और रवाईं क्षेत्र की लोकसंस्कृति पर आधारित गीतों व नृत्यों की प्रस्तुति दी, जिसमें पर्यटक भी जमकर झूमे। झुमैलो ग्रुप की प्रमिला नेगी, लक्ष्मी उनियाल, गुड्डी देवी और विनीता तेलवाल की प्रस्तुति को खूब सराहना मिली।
हिंदी गानों पर फ्यूजन बैंड की प्रस्तुति ने युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। बैंड के गायक गर्वित ने युवाओं से नशे से दूर रहकर संगीत से जुड़ने का संदेश दिया। इसके अलावा पूनम शर्मा ग्रुप ने भी आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
गढ़वाल टैरेस पर लोकेंद्र कैंतुरा ग्रुप ने गढ़वाली और जौनपुरी लोकगीतों के साथ लोकनृत्य प्रस्तुत किए। अफजल मंगलौरी ने “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम प्रस्तुत किया। लंढौर चौक पर दीपक रावत ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। टाउन हाल में आयोजित रेशमा शाह नाइट में जौनपुरी-जौनसारी लोकसंस्कृति की धूम रही। रेशमा शाह ने पांडववाणी से कार्यक्रम की शुरुआत की।
इसके बाद मीरा राणा ग्रुप, गजेंद्र राणा, सौरभ मैठाणी, सन्नी दयाल और सुशील चौनियाल के गीतों पर श्रोता देर रात तक नाचते रहे। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडलाध्यक्ष रजत अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- दो दिन की छुट्टी व विंटरलाइन कार्निवाल के चलते मसूरी उमड़े पर्यटक, मालरोड देर रात तक रही गुलजार
यह भी पढ़ें- मसूरी में चल रहा है विंटरलाइन कार्निवाल, आमजन के साथ पर्यटक भी ले रहे हैं इसका आनंद

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।