Rishikesh में जाम ने फिर बढ़ाई लोगों की परेशानी, वीकेंड और राफ्टिंग के चलते उमड़ी भारी भीड़
ऋषिकेश में वीकेंड और राफ्टिंग के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से जाम की समस्या बढ़ गई है। शहर की सड़कें वाहनों से भर गईं, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन यातायात को सुचारू करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन भीड़ के कारण स्थिति नियंत्रण में नहीं आ रही है।

त्योहारी सीजन, सप्ताहांत और राफ्टिंग शुरू होने के साथ ही बढ़ा शहर में वाहनों का दबाव। जागरण
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। त्योहारी सीजन, सप्ताहांत और राफ्टिंग शुरू होने के साथ ही तीर्थनगरी में जाम लगना शुरू हो गया है। हरिद्वार-ऋषिकेश, ऋषिकेश-तपोवन, लक्ष्मण झूला रोड पर वाहनों का खासा दबाव रहा। इन मुख्य मार्गों के साथ ही बाजारों में जाम लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। शनिवार रात को त्रिवेणी घाट पर लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
ऋषिकेश शहर में सड़कें संकरी हैं और उन पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
पिछले कुछ समय से जाम की स्थिति नहीं बन रही थी। अब त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। इसके साथ ही 27 सितंबर से राफ्टिंग शुरू हो गई है। सप्ताहांत पर इस कारण भीड़ बढ़ गई है। दो दिनों से शहर में यातायात का दबाव बढ़ा है। शनिवार आने तक भीड़ और बढ़ गई थी। हरिद्वार की ओर से अलग-अलग राज्यों के पर्यटक वाहनों के आने का सिलसिला शुरू होने के साथ वाहनों का दबाव बढ़ गया। ऋषिकेश बाजार में जाम की स्थिति बनी रही।
श्यामपुर और मनसा देवी फाटक पर ट्रेनों के आने-जाने पर रेलवे फाटक बंद होते हैं। ऐसे में जाम और बढ़ जाता है। जाम का असर पूरे शहर पर आता है। त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है। शुक्रवार देर शाम त्रिवेणी घाट क्षेत्र में हालात इस तरह हो गए कि वहां से वाहन कई देर तक एक इंच भी आगे नहीं खिसक पाए। इसके वीडियो भी लोग इंटरनेट मीडिया पर साझा करते रहे। जाम में लोग बच्चों के साथ फंसे रहे। शनिवार को भी भीड़ के कारण जाम लगा रहा।
घाट चौक पर सबसे अधिक दबाव
जाम के कारण पर्यटक और आम लोग भी परेशान रहते हैं। आने वाले दिनों में धनतेरस और दीपावली का पर्व है। इससे बाजारों में भीड़ और बढ़ेगी। सबसे अधिक परेशानी शहर के अंदर रहती है। हरिद्वार रोड पर निगम के मूल कार्यालय से आगे बढ़ते ही जाम लगना शुरू हो जाता है। त्रिवेणी घाट आने तक जाम के कारण लोग परेशान रहते हैं। शहर में खरीदारी के लिए निकलने वाले लोगों के सामने भी दिक्कत रहती है। शनिवार को घाट चौक पर वाहनों के दबाव के चलते जाम की स्थिति बनी रही। चंद्रभागा पुल के पास भी दिक्कत रही।
हाईवे पर भीड़ अगर बहुत अधिक बढ़ी तो नेपाली फार्म और श्यामपुर चौकी से डायवर्जन किया जाएगा। शहर के अंदर समन्वय बनाकर ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। कुछ जगहों पर दिक्कत आती है। वहां पुलिस की तैनाती की गई है।
प्रदीप कुमार, यातायात निरीक्षक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।