Uttarakhand News: नई प्रांतीय कार्यकारिणी में भी सबको साथ लेकर चलने के संकेत
कांग्रेस उत्तराखंड में सत्ता पर दावेदारी ठोकने के लिए दिग्गजों को एकजुट कर रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष गणेश गोदियाल को जल्द ही नई कार्यकारिणी मिलेगी, जिसमें गुटबाजी रोकने पर ध्यान दिया जाएगा। गोदियाल ने दिल्ली में कुमारी सैलजा से मिलकर आभार जताया और 16 नवंबर को पदभार संभालेंगे।

नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेशगोदियाल ने नई दिल्ली में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से भेंट की। साभार-कांग्रेस
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून : कांग्रेस ने उत्तराखंड की सत्ता पर दावेदारी ठोकने के लिए अपने दिग्गजों में समन्वय के साथ सामाजिक समीकरणों में संतुलन साधने का फार्मूला का दांव चला है। इस कड़ी में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल को नई प्रांतीय कार्यकारिणी शीघ्र मिल सकती है। गुटबाजी को नियंत्रित करने के लिए नई कार्यकारिणी में भी सबको साथ लेकर आगे बढ़ने के संकेत हैं। अगले वर्ष जनवरी माह तक नई कार्यकारिणी अस्तित्व में आ सकती है।
कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से लगभग डेढ़ वर्ष पहले दिग्गज नेताओं को एकजुट करते हुए काम पर लगा दिया है। सत्ता के लिए चुनावी महायुद्ध से पहले पार्टी को अपना घर दुरुस्त करना सही लगा। अब कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए नई प्रांतीय कार्यकारिणी जल्द आकार ले सकती है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साढ़े तीन वर्ष तक प्रदेश अध्यक्ष रहे करन माहरा को अपने पूरे कार्यकाल में नई प्रांतीय कार्यकारिणी नहीं मिल पाई। उन्हें वर्ष 2018 में गठित प्रांतीय कार्यकारिणी से ही काम चलाना पड़ा था। अब अगले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस नेतृत्व ने उत्तराखंड को उन चुनिंदा राज्यों में सम्मिलित किया, जहां संगठन सृजन अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 27 सांगठनिक जिलों में नए सिरे से जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों के साथ अब ब्लाक अध्यक्षों की भी नए सिरे से नियुक्ति की जाएगी। साथ में प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।
प्रांतीय कार्यकारिणी के लिए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की ओर से नए सिरे से प्रस्ताव तैयार कर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश के सभी बड़े नेताओं के बीच तालमेल मजबूत करने पर जोर दे रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ प्रदेश चुनाव प्रचार अभियान समिति और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्षों की घोषणा का उद्देश्य यही है।
प्रदेश प्रभारी सैलजा से मिले गणेश गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में उत्तराखंड प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा से भेंट की। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपने के पार्टी हाईकमान के निर्णय के लिए आभार भी व्यक्त किया। साथ में निष्ठा के साथ नया दायित्व निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
रविवार को पदभार ग्रहण करेंगे गोदियाल
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल नई दिल्ली प्रवास के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से भेंट करेंगे। नई दिल्ली रवाना होने से पहले गोदियाल देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा हरक सिंह रावत से भी भेंट कर चुके हैं। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष करन माहरा से भी उनके आवास पर जाकर भेंट की। गणेश गोदियाल 16 नवंबर को देहरादून लौटकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अध्यक्ष पदभार ग्रहण करेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।