Roorkee News: बच्चे को कुत्ते ने नोंचा, बचाने आई महिला का भी किया बुरा हाल
रूड़की में एक महिला अपने बच्चे को स्कूल से ला रही थी, तभी एक कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे को बचाने में मां भी घायल हो गई। कुत्ते ने महिला को कई जगह काटा। अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण कई मरीज निराश होकर लौट गए। महिला को सिरम लगाया गया और वैक्सीन मेडिकल स्टोर से मंगवाई गई।

स्कूल से बच्चे को लेकर लौट रही थी महिला। प्रतीकात्मक
जागरण संवाददाता, रुड़की। मां के साथ स्कूल से लौट रहे बच्चे को कुत्ते ने नोंच डाला। इस दौरान मां ने बच्चे को बचाया तो उसको भी कई जगह पर काट खाया। इसके बाद मां बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरी ओर सिविल अस्पताल में बुधवार को भी कुत्ता काटे की वैक्सीन नहीं होने के चलते 50 से अधिक लोग मायूस होकर लौटे।
रुड़की क्षेत्र के सुनहरा रोड निवासी दिव्या दोपहर के समय अपने बच्चे को स्कूल से लेकर लौट रही थी। रास्ते में अचानक ही सड़क पर घूम रहा एक कुत्ता बच्चे की और झपटा, यह देख महिला ने बच्चे को बचाते हुए कुत्ते को खदेड़ने का प्रयास किया तो कुत्ता आक्रामक हो गया। कुत्ते ने पहले तो बच्चे को नोंच डाला। इसके बाद महिला को कई जगह पर काट लिया। महिला के शोर मचाने पर यहां पर भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद मां बेटे को सिविल अस्पताल में लाया गया। महिला को सिरम लगाया है।
एंटी रैबीज वैक्सीन न होने की वजह से मेडिकल स्टोर से वैक्सीन मंगवाई गई। उपचार के बाद महिला और उसके बेटे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं दूसरी ओर अस्पताल में वैक्सीन नहीं होने के चलते बुधवार को भी बडी़ संख्या में मरीज मायूस होकर लौटे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।