Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ड्राइवरों की कमी से जूझ रहा रुड़की रोडवेज डिपो... घटाए गए दिल्ली रूट के फेरे, यात्री परेशान

    Updated: Fri, 06 Feb 2026 01:47 AM (IST)

    रुड़की रोडवेज डिपो चालकों की गंभीर कमी से जूझ रहा है, जिससे बस संचालन, विशेषकर दिल्ली रूट पर प्रभावित हुआ है। 30 बसों के लिए केवल 4 नियमित चालक होने क ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    रुड़की डिपो

    स्मार्ट व्यू- पूरी खबर, कम शब्दों में

    संवाद सहयोगी, जागरण रुड़की। रुड़की रोडवेज डिपो इन दिनों गंभीर अव्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। चालकों की भारी कमी के चलते बस संचालन प्रभावित हो रहा है। इसका सीधा असर दिल्ली जैसे कमाऊ रूट पर पड़ा है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों की सबसे अधिक मांग वाले रूट पर भी बसों के फेरे घटाने पड़े हैं, जिससे निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

    रुड़की डिपो में निगम की कुल 30 रोडवेज बसें उपलब्ध हैं, लेकिन इन्हें चलाने के लिए महज चार नियमित ड्राइवर हैं। इसके अलावा 12 संविदा चालक तैनात हैं, जो आवश्यकता के अनुसार सेवाएं दे रहे हैं। ड्राइवरों की कमी के कारण बसों का नियमित संचालन संभव नहीं हो पा रहा है।

    डिपो से दिल्ली रूट सबसे अधिक राजस्व देने वाला माना जाता है, लेकिन यहां भी मजबूरी में बसों के फेरे 22 से घटाकर 12 कर दिए गए हैं। फिलहाल दिल्ली रूट पर आउटसोर्स कंपनी की अनुबंधित बसों को ही अधिकतर भेजा जा रहा है। इसके उलट निगम की अपनी बसें चालकों के अभाव में डिपो में ही खड़ी रह जाती हैं।

    डिपो प्रभारी एजीएम अमिता सैनी ने बताया कि चालकों की कमी को देखते हुए लंबे रूटों पर बसों के फेरे घटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की परेशानी कम करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन स्टाफ की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

    फिलहाल शासन स्तर पर ड्राइवरों की अस्थायी नियुक्ति के लिए प्रयास तेज हो रहे हैं। रुड़की डिपो को चालक मिलने की उम्मीद है। वहीं, स्थानीय यात्रियों का कहना है कि बसों की संख्या घटने से उन्हें समय पर दिल्ली और अन्य शहरों के लिए वाहन नहीं मिल पा रहे हैं। यदि जल्द ही चालकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।