रुड़की में मूसलधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित, 24 घंटे में 339 मिमी बारिश दर्ज
रुड़की में पिछले 24 घंटों में 339 मिमी भारी वर्षा दर्ज की गई, जिससे उमस से राहत मिली लेकिन शहर में जलभराव हो गया और लोग घरों में कैद रहे। ...और पढ़ें

रुड़की में दिल्ली-देहरादून राज्य राजमार्ग पर भरा पानी। जागरण
HighLights
रुड़की में 24 घंटे में 339 मिमी वर्षा दर्ज
भारी जलभराव से लोग घरों में कैद रहे
तापमान में गिरावट, 12 जुलाई तक वर्षा की संभावना
जागरण संवाददाता, रुड़की। शिक्षानगरी में गुरुवार को हुई तेज वर्षा से लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिल गई लेकिन लोग घरों में कैद हो गए। रुड़की में गत 24 घंटे में 339 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
इधर, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हरिद्वार जिले में 12 जुलाई तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने, बादल छाने और वर्षा की संभावना बनी हुई है।
शहर व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार से वर्षा शुरू हो गई थी, जो गुरुवार दोपहर तक जारी रही। सुबह तेज वर्षा हुई। जबकि दिनभर रिमझिम वर्षा होती रही। कई घंटों की लगातार वर्षा के कारण शहर में भारी जलभराव हो गया।
ऐसे में आवश्यक कार्य नहीं होने पर लोग घरों में ही कैद हो गए। रुड़की में बुधवार दोपहर 2:18 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक 188 मिमी वर्षा हुई। जबकि गुरुवार सुबह 8:30 से लेकर दोपहर 2:18 मिनट तक 151 मिमी वर्षा हुई। ऐसे में शहर में गत 24 घंटे में 339 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, बुधवार की तुलना में गुरुवार को शहर का दिन का तापमान 27.5 डिग्री से लुढ़ककर 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री से कम होकर 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा।
खबरें और भी
उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार रुड़की में वर्ष 2023 में 12 जुलाई को 305 मिमी वर्षा हुई थी।
यह भी पढ़ें- रुड़की में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पॉश इलाकों से घरों तक घुसा पानी
यह भी पढ़ें- रुड़की मंडी में डूबे आढ़त और गोदाम: 4 फीट तक भरा पानी, आलू-प्याज खराब