Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Sawan Shivratri: शिव की भक्ति में रंगा हरिद्वार, बम-बम भोले के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

    Updated: Wed, 23 Jul 2025 04:56 PM (IST)

    श्रावण मास की शिवरात्रि पर हरिद्वार के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने Sawan Shivratri दक्षेश्वर महादेव मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। कांवड़ मेला शांतिपूर्वक संपन्न हुआ जिसमें 4.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

    Hero Image
    श्रावण शिवरात्रि पर शिवालयों में भक्तों का सैलाब। जागरण

    जागरण संवाददाता,हरिद्वार। श्रावण मास की शिवरात्रि पर जलाभिषेक को धर्मनगरी के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से सुख समृद्धि की कामना की।

    भोर से शुरू हुआ जलाभिषेक देर शाम तक जारी रहा। शिवालयों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को मंदिर समितियों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।

    कांवड़ मेला बुधवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। 11 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा के 13 दिन में 4.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु जल लेकर गंतव्य को रवाना हुए। बुधवार श्रावण मास की शिवरात्रि पर धर्मनगरी के शिवालयों में स्थानीय श्रद्धालु ही नहीं बड़ी तादात में आसपास क्षेत्रों के कांवड़ यात्रियों ने भी ब्रह्ममुहूर्त (सुबह सवा चार बजे से 4.56 तक) भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आशुतोष की ससुराल कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर के अलावा बिल्केश्वर मंदिर, नीलेश्वर महादेव, दरिद्रभंजन मंदिर, पीपलेश्वर महादेव मंदिर, पशुपति नाथ मंदिर, दयालेश्वर महादेव मंदिर आदि में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों में पुलिस बल भी तैनात रहा।

    श्यामपुर प्रतिनिधि के अनुसार लालढांग प्राचीन शिव मंदिर में भक्तों ने जलाभिषेक किया। भोर से ही जलाभिषेक करने को शिव भक्तों का तांता लगा रहा। मीठीबेरी, नयागांव, लालढांग, चमरिया, गैंडीखाता आदि गांवों से शिवभक्तों ने मनोकामना सिद्धि को शिवालय में जलाभिषेक किया।कटेबड़ शिव मंदिर और शिव सेवा आश्रम स्थित शिवालय में भी जलाभिषेक किया गया।

    भक्तों ने विधि-विधान से की पूजा

    बहादराबाद: क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर फूल, बेलपत्र, भंग धतूरा, दूध, गन्ने का रस आदि अर्पित किया। श्री राम कुटिया, चौक बाजार, पुराना कलियर रोड, पथरी पावर हाउस, रोहालकी, खेड़ली, सुभाषगढ़, शिवालिक नगर सहित सभी मंदिरों में भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की विधिविधान से पूजा-अर्चना की।

    श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता

    लक्सर: श्रावण मास की शिवरात्रि पर शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के अलग-अलग शिवालयों में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से सुख- समृद्धि की कामना की। सुबह चार बजे से दोपहर बाद तक शिवालियों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिवालय भोलेनाथ के जयकारों से गूंजते रहे।

    पचेवली स्थित महाभारत कालीन पंचलेश्वर महादेव मंदिर,पथरी के जंगल में स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, खानपुर के प्राचीन जटाशंकर महादेव मंदिर समेत नगर और देहात क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को दूध, दही, घी, पंचामृत से स्नान करा बिल्वपत्र, अक्षत, पुष्प और मिष्ठान अर्पित किए। पूजा अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से सुख समृद्धि की कामना की।