हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी महिला, पति व सास के पर मुकदमा दर्ज
लक्सर के रायसी क्षेत्र में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। भाई ने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पारुल को प्रताड़ित किया जा रहा था और 24 अक्टूबर को उसे जला दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, लक्सर। रायसी क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी विवाहिता के भाई ने उसके पति और सास पर विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जलाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दो तीन पहले भगतनपुर गांव निवासी संजय की पत्नी पारुल संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल लाया गया था। जहां से उसे देहरादून रेफर कर दिया गया था। मामले में पारुल के भाई रणवीर सिंह निवासी ग्राम किशनपुर थाना भगवानपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पारुल की शादी 24 फरवरी 2019 को संजय के साथ हुई थी।
शादी में उन्होंने कार सहित हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया था। लेकिन शादी के बाद से ही पारुल का पति संजय और सास सीतो देवी दहेज में बड़ी कार और नकद पैसों की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते चले आ रहे थे। इस दौरान पारुल मायके आई लेकिन बाद में आरोपित उसे समझौता कर वापस ले आए। इस दौरान दो बार उन्होंने ससुरालियों को पैसे भी दिए। लेकिन इसके बाद भी वह उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
इसी को लेकर 24 अक्तूबर को संजय और सीतो देवी ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर पारुल को जला दिया। इसके बाद संजय उसे जलता हुआ छोड़कर फरार हो गया। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि रणवीर की तहरीर पर विवाहिता के पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अस्पताल में भर्ती विवाहिता के बयान दर्ज किए जाएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।