Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली की तर्ज पर हल्द्वानी में खुलेंगे 10 आरोग्य धाम, निश्शुल्क होगा इलाज

    Updated: Fri, 21 Nov 2025 08:35 PM (IST)

    हल्द्वानी नगर निगम दिल्ली की तर्ज पर 10 आरोग्य धाम खोलने जा रहा है, जहाँ सर्दी-खांसी जैसी सामान्य बीमारियों का मुफ्त इलाज होगा। बोर्ड बैठक में 29 प्रस्ताव पास हुए, जिनमें ईवी चार्जिंग स्टेशन और नगर निगम भवन का विस्तार शामिल है। छतरी चौराहे पर लाइब्रेरी और गांधी नगर में मीट मार्केट भी बनेगा। पार्षदों ने विकास कार्यों में धीमी गति पर नाराजगी जताई।

    Hero Image

    घर के पास ही लोगों को मिल जाएगा सामान्य बीमारी का इलाज। प्रतीकात्‍मक

    जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। दिल्ली की तर्ज पर हल्द्वानी में नगर निगम 10 आरोग्य धाम खोलने जा रहा है। इसमें लोगों को निश्शुल्क सर्दी-खांसी, बुखार, वायरल बीमारी समेत सामान्य बीमारियों का इलाज मिल जाएगा। आरोग्य धाम में एक फिजिशियन, नर्स व वार्ड बाय की तैनाती होगी।इससे लोगों को घर के पास ही इलाज मिल जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शुक्रवार को नगर निगम सभागार में मेयर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण तरीके से बोर्ड बैठक संपन्न हुई। हालांकि कई पार्षदों ने मेयर के समक्ष अपने विचार रखे, जिसमें मेयर ने ज्यादातार पार्षदों को संतुष्ट किया। चार घंटे चली बोर्ड बैठक में 60 पार्षदों में से 43 पार्षद उपस्थित रहे। जिसमें गूल-नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सड़क, बिजली-पानी आदि के मुद्दे छाए रहे।

    वहीं नगर निगम बोर्ड बैठक में पार्षदों की मौजूदगी में 29 प्रस्तावों पर सहमति बनीं है। बोर्ड बैठक के बाद मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने प्रेस वार्ता कर बताया कि इस बार नगर निगम के गरीबी रेखा से आसपास के क्षेत्रों में राजपुरा, बनभूलपुरा, दमुवाढूंगा, भगवानपुर समेत 10 स्थानों में आरोग्य धाम खोले जाएंगे। जिससे स्थानीय लोगों को सामान्य बीमारी के इलाज के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दरअसल, बेस अस्पताल व डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में सामान्य बीमारी के इलाज करवाने के लिए काफी भीड़ लगी रहती है।जिसमें हल्द्वानी के कई क्षेत्रों से यहां लोग पहुंचते हैं। आरोग्य धाम (क्लीनिक) खुलने के बाद लोगों को इसमें ही काफी सुविधा मिल जाएगी।मेयर ने कहा कि अगले एक माह में इनकी स्थापना शुरू हो जाएगी। वहां नगर आयुक्त पारितोष वर्मा आदि मौजूद रहे।

    खुलेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन मिलेगा रोजगार व सुविधा

    नगर निगम बोर्ड बैठक में पीपीपी मोड पर ईवी(इलेक्ट्रिक व्हीकल) चार्जिंग स्टेशन खोलने पर भी अनुमोदन किया है। इसको लेकर नगर निगम जल्द स्थान चिह्नित करेगा। जिससे चार्जिंग स्टेशन खोलने वालों को भी रोजगार मिलेगा। साथ ही इलेक्ट्रिक व्हीकल चलाने वालों को भी लाभ मिलेगा। वहीं नव सम्मिलित क्षेत्रों में व्यावसायिक भवनों पर भवन कर व स्वच्छता कर जमा किए जाने की तिथि को 31 दिसंबर तक वृद्धि की गई है। जिससे व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा। साथ ही नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम सीमांतर्गत एसीटीप प्लांट से ट्रंचिंग मैदान तक पाईप लाइन बिछाने पर 1.10 करोड़ रुपये खर्च बैठेगा।

    6.94 करोड़ की लागत से होगा नगर निगम भवन का विस्तार

    नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम का सीमा विस्तार होने के फलस्वरूप नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों के कार्यालय कक्षों की काफी कमी है। इसके चलते नगर निगम के पिछले भाग में स्थित रिक्त पड़े स्थान पर कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा। जिसकी लागत 6.94 करोड़ रुपये बैठेगी। साथ ही बरेली रोड स्थित कृष्णा कत्था फैक्ट्री में रिक्त भूखंड पर नगर निगम हल्द्वानी काठगोदाम का कैम्प कार्यालय बनाया जाएगा। वहीं नगर निगम के स्वामित्व वाली दुकानों का किराया छूट सहित जमा कराने के लिए वृद्धि कर दी गई है।

    छतरी चौराहे पर रिक्त भूखंड पर लाइब्रेरी का होगा निर्माण

    छतरी चौराहे पर नगर निगम के रिक्त भूखंड पर विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इससे स्कूल व कालेज पढ़ने वाले विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा। वहीं गांधी नगर स्थित नगर निगम के खोड़ वाले स्थान पर झटका मीट मार्केट का निर्माण किया जाएगा। मंगल पड़ाव पुराने टेम्पो स्टैंड के पास भूमि वेंडिंग जोन निर्मित किए जाने व मंडी बाईपास में वेंडिंग जोन का निर्माण किया जाएगा। वर्कशाप लाइन में नगर निगम के पुराने गोदामों के स्थान पर दुकान निर्माण किया जाएगा। जिसे व्यापारियों को देकर नगर निगम अपनी आय में वृद्धि करेगा। वहीं बरेली रोड नवीन मंडी के सामने व तीनपानी में पूर्व ग्राम पंचायत भवन के स्थान पर दुकानों का निर्माण होगा। शनि बाजार में फड़ व्यावसायियों के लिए चबुतरों का निर्माण होगा।

    नगर निगम के सभी पार्षद स्टैच्यू आफ यूनिटी का करेंगे भ्रमण

    हल्द्वानी-काठगोदाम के 60 वार्डों के पार्षदों को अंतरराज्यीय शैक्षिणिक भ्रमण कराया जाएगा। जिसमें बाहर के नगर निगमों में उनको घूमाया जाएगा। साथ ही पटेल जयंती के 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात में स्थित स्टैच्यू आफ यूनिटी का भ्रमण मेयर संग सभी पार्षद करेंगे। वहीं नैनीताल रोड जजी के पास कूड़ा स्थल के पास भूमि पर आंचल का मिल्क कैफे का निर्माण किया जाएगा। वहीं कृष्णा कत्था फैक्ट्री के पास रह रहे लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विस्थापित किया जाएगा। एसडीएम कार्यालय नमो भवन में शिफ्ट होने के बाद रिक्त भूमि को नगर निगम को हस्तांतरित किया जाएगा।

    दुकानों के अनुबंध का नवीनीकरण नहीं करने पर पड़ेगा जुर्माना

    नगर निगम के स्वामित्व वाली सभी दुकानों पर आवंटियों की ओर से नगर निगम के साथ अनुबंध का नवीनीकरण नहीं करने पर दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। कैनाल रोड का नाम बदलकर जल्द जगत सिंह पांगती मार्ग कहलाया जाएगा। नगर निगम के सभी कर्मचारियों व पेंशनरों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा सभी 29 प्रस्तावों पर पार्षदों की मौजूदगी में सहमति मिली है।

    बालिका इंटर कालेज में विज्ञान-गणित विषय लाने की उठी मांग

    बोर्ड बैठक में इस बार सड़क, गूल, नाली के अलावा पार्षदों ने शिक्षा का भी मुद्दा उठाया है। वार्ड-2 की पार्षद निर्मला तिवारी ने काठगोदाम के नगर निगम बालिका इंटर कालेज में विज्ञान व गणित विषय खोलने की मांग की है। कहा कि इससे बालिकाओं को दूसरे स्कूलों में नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें सुविधा मिल जाएगी। वहीं उन्होंने काठगोदाम चौराहे में शौचालय निर्माण व अंधेरे स्थलों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।

    राजपुरा के सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को ठीक करने का उठाया मुद्दा

    राजेंद्र नगर वार्ड-12 की पार्षद प्रीति आर्या ने पार्षदों से एजेंडा में राय न लेने विकास की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्षदों को विकास निधि मानदेय दिया जाए। साथ ही राजपुरा के सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को ठीक करने जैसे तमाम मुद्दों को सदन में उठाया। कहा कि इससे पहले भी बोर्ड बैठक में तमाम प्रस्ताव दिए। लेकिन कुछ काम नहीं हुआ। चेतावनी दी की अगली बोर्ड बैठक से पहले सभी प्रस्ताव पर काम नहीं हुआ तो बैठक का बहिष्कार किया जाएगा। कहा कि वार्ड में नए छोटे कूड़ा वाहन खरीदे जाएं।