Uttarakhand: भाजपा की दीपा नैनीताल की नई जिला पंचायत अध्यक्ष, टास जीतकर उपाध्यक्ष बनीं कांग्रेस की देवकी
नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की दीपा दर्मवाल ने जीत दर्ज की है। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की देवकी बिष्ट टॉस जीतकर विजयी रहीं। लगभग छह साल बाद भाजपा ने यह पद हासिल किया है। दीपा ने अपनी जीत को सभी सदस्यों की जीत बताते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। चुनाव परिणाम की घोषणा के दौरान कलेक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।

जागरण संवाददाता, नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का परिणाम में भाजपा ने जबकि उपाध्यक्ष पद में कांग्रेस प्रत्याशी टास में जीत हासिल की है। अध्यक्ष पद पर जीत के बाद बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। करीब छह साल बाद भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर फिर से कब्जा जमाया है।
जिला पंचायत चुनावों में पांच सदस्यों के कथित अपहरण सहित अन्य विवादों का अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के परिणाम के साथ पटाक्षेप हो गया है। पिछले दिनों हाई कोर्ट के आदेश पर कांग्रेस समर्थित
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) वंदना ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का परिणाम घोषित कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से राज्य निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक इकबाल अहमद की मौजूदगी में कुल 27 में से पड़े 22 वोटों की गिनती के बाद परिणाम कोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रख लिया गया था।
आयोग की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर बताया गया कि उत्तराखंड में प्रभावी उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन और निर्वाचन विवादों का निपटारा नियमावली-1994 के नियम-26 में निर्वाचन परिणाम के अवधारण का प्रविधान है। आयोग ने नियमावली के नियम-26 व नियम-28 के अंतर्गत चुनाव परिणाम घोषणा के संबंध में अग्रिम कार्रवाई कर आयोग को अवगत कराने के निर्देश दिए थे।
आयोग के पत्र के बाद मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व वीडियोग्राफी के बीच एडीएम विवेक राय की मौजूदगी में एआरओ डा. डीसी जोशी ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का परिणाम घोषित किया। अध्यक्ष पद पर जीती दीपा को 12 व पराजित पुष्पा को दस मत मिले जबकि एक मत निरस्त हुआ।
इस प्रकार दीपा ने पुष्पा को एक वोट से हराया जबकि उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट व भाजपा प्रत्याशी बहादुर सिंह नगदली को दस-दस मत मिले, दो मत निरस्त हुए, जिसके बाद टास में कांग्रेस प्रत्याशी देवकी को विजयी घोषित किया गया। विजयी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल व उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। परिणाम की घोषणा से पहले बड़ी संख्या में भाजपा नेतागण जिला कार्यालय में मौजूद रहे। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट सहित अन्य गेटों पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी।
कलेक्ट्रेट में रही चहल पहल
नैनीताल: जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव परिणाम की घोषणा की भनक लगते ही कलेक्ट्रेट में चहलपहल बढ़ गई। अध्यक्ष पद की प्रत्याशी दीपा अधिवक्ताओं के साथ पहुंची थी। दीपा ने अपनी जीत को सभी 27 सदस्यों की जीत बताते हुए भाजपा नेतृत्व का आभार प्रकट किया। दीपा ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विकास शीर्ष प्राथमिकता रहेगी। जिला पंचायत के सभी सदस्यों के सहयोग से विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान जिपं सदस्य बहादुर सिंह बिष्ट, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, अरविंद पडियार, दयाकिशन पोखरिया, गोपाल रावत, भारत मेहरा, निखिल बिष्ट, सभासद पूरन सिंह बिष्ट, विकास जोशी आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।