Nainital की स्वच्छ आबोहवा में वायु प्रदूषण की धुंध! विशेषज्ञों ने बताई इसके पीछे की वजह
Haze in Nainital नैनीताल की स्वच्छ हवा में अचानक धुंध छा गई है जिससे वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। तापमान में गिरावट को इसका कारण माना जा रहा है। धुंध के कारण शहर के पहाड़ धुंधले दिखाई दे रहे हैं और विजिबिलिटी कम हो गई है। यह स्थिति नैनीताल के लिए असामान्य है क्योंकि यह शहर अपनी स्वच्छ हवा के लिए जाना जाता है।

जागरण संवादाता नैनीताल। Haze in Nainital: मैदानी भागों की तरह नैनीताल की स्वच्छ आबोहवा में धुंध से गुरुवार को वायु प्रदूषण की धुंध से शहर के पहाड़ धुंधले नजर आने लगे और विजिबिलिटी काफी कम हो गई। एरीज के मुताबिक तापमान में अचानक आई गिरावट के कारण नगर का वातावरण धुंधला गया।
नगर में सुबह के समय चटक धूप खिली हुई थी। आसमान नीले रंग में रंगा नजर आ रहा था। दोपहर होते ही आसमान की रौनक गायब हो गई और देखते ही देखते धुंध चारों ओर छा गई । शहर के पहाड़ वायु प्रदूषण में समाते चले गए। जिन्हें साफ दिखाई देना दूभर हो गया। दोपहर में छाई धुंध, स्थानीय लोगों के लिए अप्रत्याशित थी।
नैनीताल से मेल नहीं खाता धुंध का छा जाना
नगर में कोहरा छाना स्वाभाविक है, लेकिन धुंध का छा जाना, इस नगर की प्रकृति से मेल नहीं खाता है। कुछ इसी तरह के कयास लोगो द्वारा लगाए जा रहे थे। अलबत्ता वातावरण में शाम तक धुंध छाई रही। करीब पांच बजे बाद ही धुंध छंट पाई। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के निदेशक डा मनीष नाजा ने बताया कि धुंध छाने की वजह तापमान में गिरावट है।
.jpg)
तापमान में अचानक गिरावट आने से वातावरण में मौजूद तमाम कार्बनिक कण वायुमंडल की परतों में फंसकर रह गए। उन्हें मुक्त होने का रास्ता नहीं मिल सका। जिस कारण समूचा वातावरण धुंध की चपेट में आ गया। वातावरण में इस तरह की परिस्थितियां स्वाभाविक हैं, जो भविष्य में भी बन सकती हैं। इधर नगर का अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सीमांत में बदला मौसम, ठंड में बढ़ोतरी
खटीमा : सीमांत में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट बदल डाली। यहां पूरे दिन मौसम में ठंडक रही। क्षेत्र में बुधवार तक केवल सुबह-शाम को ही ठंड हो रही थी, जबकि दिन में तेज धूप निकल रही थी, जिससे दिन में गर्मी का एहसास हो रहा था।
वहीं गुरुवार को पूरे दिन आसमान बादलों से ढका रहा। इस बीच ठंडी हवाएं भी चलीं, जिस कारण लोग पूरे दिन गर्म कपड़े पहने रहे। यहां थारु जीआसी के मौसम वेधशाला प्रभारी नरेंद्र सिंह रौतेला के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।