Nainital: 123वें नंदा देवी महोत्सव का भव्य श्रीगणेश, कंदली वृक्ष लाने को श्रद्धालुओं का दल चोपड़ा रवाना
नैनीताल में 123वें नंदा देवी महोत्सव का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। श्रीराम सेवक सभा परिसर में पूजा के बाद सांसद अजय भट्ट और विधायक सरिता आर्य ने दीप जलाकर महोत्सव का उद्घाटन किया। ध्वज निशान के साथ श्रद्धालुओं ने बाजार में भ्रमण किया फिर कंदली वृक्ष लाने के लिए चोपड़ा ज्योलीकोट रवाना हो गए। शुक्रवार को कंदली वृक्ष का भव्य स्वागत होगा।

जासं, नैनीताल। शहर ही ऐतिहासिक धार्मिक संस्था श्रीराम सेवक सभा की ओर से आयोजित 123वें नंदा देवी महोत्सव का श्रीगणेश हो गया है।
सभा परिसर में विधिवत पूजा अर्चना के बाद सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। सभा परिसर से ध्वज निशान लेकर श्रदालुओं ने बाजार का भ्रमण किया। जिसके बाद श्रदालुओं का दल कंदली वृक्ष लाने के लिए चोपड़ा ज्योलीकोट को रवाना हो गया।
शुक्रवार को कंदली वृक्ष के शहर आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। गुरुवार को श्रीराम सेवक सभा मे विधिवत पूजा अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की गई। आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने पूजा अर्चना सम्पन्न कराई। जिसके बाद बतौर मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य, पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल, एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा व सभा पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रमों का श्रीगणेश किया।
इस बीच सभा के बाल कलाकारों ने गणेश वंदना, नंदा सुनंदा स्तुति समेत अन्य भजन पेश किए। जिसके बाद यशपाल रावत की ओर से दिए गए 21 पौधों की पूजा अर्चना की गई। जिनको कंदली वृक्ष लाने वाले स्थल पर रोपित किया जाएगा। लाल और सफेद ध्वज निशान की पूजा अर्चना कर ढोल नगाड़ों के साथ बाजार भ्रमण कराया गया। इस बीच छोलिया नर्तकों ने भक्ति धुनों में नृत्य कर माहौल भक्तिमय हो गया।
भ्रमण के बाद श्रद्धालुओं का समूह कंदली वृक्ष लाने के लिए चोपड़ा ज्योलीकोट की ओर रवाना हुआ। इस दौरान एसपी प्रकाश चंद्रा, एसडीएम केएन गोस्वामी, नवाजिश खलीक, कपिल जोशी, सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, भुवन बिष्ट, विमल चौधरी, मोहित साह, मुकेश जोशी, मोहित सनवाल, प्रो ललित तिवारी, हरीश राणा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।