उत्तराखंड: पिथौरागढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सामने मचा घमासान, विधायक मुर्दाबाद के लगे नारे
पिथौरागढ़ में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प रैली में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के सामने पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। ...और पढ़ें

पिथौरागढ़ के जिला पंचायत सभागार में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प रैली को संबोधित करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल। जागरण
HighLights
पिथौरागढ़ कांग्रेस रैली में गुटबाजी खुलकर सामने आई
महिला जिलाध्यक्ष के समर्थकों ने विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाए
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने एकजुटता का संदेश दिया
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़। कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प रैली में एक बार फिर पार्टी की गुटबाजी खुलकर सतह पर आ गई। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के सामने ही पार्टी का अनुशासन तार-तार हो गया।
महिला जिलाध्यक्ष को पार्टी के अंदर की गतिविधियों पर खुलकर बोलने से रोका तो उनके समर्थक भड़क गए और विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
इससे बैठक में कांग्रेस नेताओं में असहज की स्थिति पैदा हो गई। इस घटना से आहत प्रदेश अध्यक्ष ने नेताओं को चेतावनी दी कि कुछ लोग सोचते हैं कि पार्टी हमारे बिना कुछ नहीं है वो लोग समझ लें कि पार्टी के बिना आप लोग भी कुछ नहीं हैं।
मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प रैली की शुरुआत होनी थी। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर, धारचूला विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक चंपावत हेमेश खर्कवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी मंचासीन थे।
मंच से जब भावना नगरकोटी निकाय चुनाव में कांग्रेस के भीतर हुए विवाद और घटनाक्रम को लेकर बोलने लगी तो मामला गरमाने लगा।
वह कहने लगी कि कांग्रेस विधायक ने ऐसी महिला को चुनाव लड़वाया जो कांग्रेस की सदस्य भी नहीं थी। निकाय चुनाव के दौरान उन्हें चरित्रहीन होने का सार्टिफिकेट भी दे दिया।
उन्होंने सवाल किए कि उन्होंने क्या चरित्रहीनता की बताया जाए? भावना को ऐसा बोलने से मना करने पर उनके समर्थक मंच पर चढ़ गए और विधायक मयूख महर के मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इससे हंगामे जैसी नौबत आ गई। विधायक नाराज होकर बैठक छोड़ चल दिए।
आपस में मत टकराइए, बीज बचेंगे तभी फसल लहलहाएगी : गोदियाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और यदि कार्यकर्ता ही आपस में टकराएंगे तो संगठन कमजोर होगा। बीज बचेगा तभी फसल लहलहाएगी। टकराइए मत, बीजों को संभालिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर सभी का अपना-अपना योगदान और हित जुड़ा हुआ है। ऐसे में किसी भी प्रकार का टकराव संगठन को नुकसान पहुंचाने का काम करेगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर सभी आए थे कार्यकर्ताओं में उत्साह था। कुछ लोग कांग्रेस में ऐसे थे जिन्हें कांग्रेस की ये प्रगति पसंद नहीं आई। एक गुट ने ऐसा षडयंत्र रचा कि और कार्यक्रम को छिन्न -भिन्न कर दिया। मंच पर आई पहली वक्ता राजनीतिक खुन्नस निकाल रही थी।
मयूख महर, विधायक कांगेस पिथौरागढ़
यह भी पढ़ें- धामी कैबिनेट विस्तार: गणेश गोदियाल बोले- कांग्रेसी पृष्ठभूमि के व्यक्तियों का रखा है पूरा ध्यान
यह भी पढ़ें- अंकिता भंडारी प्रकरण : गणेश गोदियाल बोले- मुख्यमंत्री का बयान जिम्मेदारी से बचने का प्रयास