Rudraprayag News: छेनागाड में आपदा के 13 दिन बाद पहुंची पोकलैंड मशीन, लापता लोगों को खोजने में मिलेगी मदद
रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड में आपदा के बाद लापता लोगों की तलाश जारी है। 13 दिन बाद पोकलैंड मशीन से खुदाई शुरू की गई है ताकि खोज अभियान में तेजी लाई जा सके। एनडीआरएफ एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मिलकर खोज कर रहे हैं लेकिन अभी तक लापता नौ लोगों का सुराग नहीं मिला है। सड़क मार्ग को बहाल करने का कार्य भी चल रहा है।

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। बसुकेदार क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्र छेनागाड में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में आ रही दिक्कतों को देखते 13 दिन बाद जेसीबी के बाद पोकलैंड मशीन से खुदाई का कार्य शुरू कर दिया है। पोकलैंड मशीन पहुंचकर लापता लोगों को खोजने में गति मिलेगी। साथ ही मलबे में दबे वाहनों को निकालने का प्रयास भी किया जाएगा।
गत 28 अगस्त की रात्रि को आपदा प्रभावित क्षेत्र छेनागाड में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस एवं अन्य बचाव दलों की ओर से अभी तक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चल रहा है। साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी यहां खुदाई का कार्य शुरू किया था, लेकिन अभी तक क्षेत्र में लापता नौ लोगों को नहीं खोजा जा सका है।
जिला प्रशासन ने बुधवार को छेनागाड में पोकलैंड मशीन पहुंचा दी है। जिससे अब सर्च ऑपरेशन में गति मिलेगी। हालांकि, खुदाई के बाद व्यापारियों का सामान तो मिल रहा है, लेकिन 13 दिन भी लापता लोगों का सुराग नहीं लग पाया है। छेनागाड तक सड़क मार्ग को बहाल करने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि बुधवार को छेनागाड में पोकलैंड मशीन पहुंचने के बाद सर्च अभियान शुरू कर दिया है। ताकि लापता लोगों की खोजबीन जल्दी की जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।