बैंक कर्मियों ने क्रूरता के शिकार अंग्रेज सिंह के पैर के अंगूठे से खोला खाता, विधायक ने की 31 हजार की मदद
टिहरी के भिलंगना के लसियाल गांव के अंग्रेज सिंह, जिनके हाथ उनके भाई-भाभी ने कटवा दिए थे, को अब सहायता मिल रही है। जिला अस्पताल में भर्ती अंग्रेज सिंह ...और पढ़ें

जिला अस्पताल में भर्ती अंग्रेज सिंह के पैर के अंगूठे से प्रिंट लेकर खाता खोलते बैंक कर्मी। जागरण
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: विकासखंड भिलंगना के लसियाल गांव में बड़े भाई-भाभी की क्रूरता का शिकार हुए अंग्रेज सिंह की सहायता के लिए अब लोग आगे आ रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती अंग्रेज सिंह से मिलने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बौराड़ी स्थित जिला अस्पताल में भर्ती अंग्रेज सिंह के दोनों हाथ कट चुके हैं, जिसके कारण उनकी मदद के लिए देश-विदेश से भी लोग तैयार हैं। कुछ लोग इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी उनकी मदद की अपील कर रहे हैं।
हालांकि, अंग्रेज सिंह का बैंक खाता नहीं था, लेकिन शुक्रवार को केनरा बैंक के प्रबंधक अनिल शर्मा ने अपने कर्मचारियों मनोज कुमार व प्रवीन नेगी को अस्पताल भेजकर उनका खाता खुलवाया। बैंक कर्मियों ने अंग्रेज सिंह के पैर के अंगूठे का प्रिंट लेकर उनका खाता खोला। अब लोग उनके खाते में पैसे डालकर मदद कर सकते हैं।
प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भी अस्पताल जाकर अंग्रेज सिंह का हालचाल जाना और उन्हें 31 हजार की धनराशि भेंट की। वहीं, जिपं उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिपं सदस्य धनपाल बिष्ट, विजय पाल रावत, जाखणीधार की पूर्व प्रमुख सुनीता देवी, लसियाल गांव की प्रधान गुड्डी देवी, पूर्व सभासद शिवेंद्र रतूड़ी, शैलेंद्र रावत आदि ने भी अस्पताल पहुंचकर अंग्रेज सिंह का हालचाल जाना।
सीएमएस डा. अमित राय ने बताया कि धीरे-धीरे अंग्रेज सिंह की स्थिति में सुधार हो रहा है। बता दें, 20 दिसंबर को पारिवारिक विवाद के दौरान अंग्रेज सिंह के भाई पूरब और भाभी अंजलि ने धारदार हथियार से उनके हाथों पर हमलाकर गंभीर घायल कर दिया था। अंग्रेज सिंह को अस्पताल ले जाने पर संक्रमण के डर से डाक्टर को उनकी जान बचाने के उनके हाथ काटने पड़े।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।